National News / राष्ट्रीय ख़बरे

एनएचएआई और नॉर्वेजियन जियोटेक्निकल इंस्टीट्यूट के बीच समझौता, सुरंग और ढलान सुरक्षा को मिलेगा बढ़ावा

नई दिल्ली। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने सुरंग इंजीनियरिंग, ढलान स्थिरता और क्षमता निर्माण के क्षेत्र में उन्नत तकनीकी सहयोग के लिए नॉर्वेजियन जियोटेक्निकल इंस्टीट्यूट (एनजीआई) के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। यह पहल देश में महत्वपूर्ण सड़क एवं अवसंरचना परियोजनाओं की गुणवत्ता और सुरक्षा को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

इस समझौता ज्ञापन का मुख्य उद्देश्य सुरंग निर्माण, ढलान स्थिरता विश्लेषण, ढलानों की निगरानी तथा संस्थागत क्षमता निर्माण के क्षेत्रों में अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञता का लाभ उठाना है। इसके तहत दोनों संस्थाएं परियोजनाओं की योजना, डिजाइन, मूल्यांकन और निगरानी में सहयोग करेंगी।

समझौते के अनुसार, एनजीआई विभिन्न तकनीकी एवं परामर्श सेवाएं उपलब्ध कराएगा। इनमें सुरंग परियोजनाओं के लिए स्थल का विशिष्टीकरण, आगामी परियोजनाओं के लिए व्यवहार्यता अध्ययन तथा विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करना शामिल है। इसके अलावा परिचालन में चल रही सुरंगों का संरचनात्मक मूल्यांकन और सुरक्षा ऑडिट भी किया जाएगा।

एमओयू के तहत संभावित भूस्खलन और ढलान से जुड़े खतरों की पहचान के लिए उन्नत ढलान स्थिरता मूल्यांकन तकनीकों का उपयोग किया जाएगा। साथ ही जोखिम कम करने के लिए उपयुक्त शमन उपायों की सिफारिश भी की जाएगी।

सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के अनुसार, इस सहयोग से भारत में आधुनिक और सुरक्षित सड़क अवसंरचना विकसित करने में मदद मिलेगी तथा इंजीनियरिंग क्षमता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत किया जा सकेगा।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh