Latest News / ताज़ातरीन खबरें

आजमगढ़ के DM रविन्द्र कुमार भारत के टॉप 100 जिलाधिकारियों में हुए शामिल, UP के सिर्फ 8 डीएम हैं शामिल

आजमगढ़ : जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने पूरे जिले और उत्तर प्रदेश का नाम रोशन कर दिया है। देश की प्रतिष्ठित मैगजीन फेम इंडिया द्वारा किए गए अखिल भारतीय सर्वेक्षण में उन्हें देश के 100 सबसे उत्कृष्ट और बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले जिलाधिकारियों की सूची में शामिल किया गया है।
यह उपलब्धि इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि देश के लगभग 800 जिलों में सर्वे करने के बाद यह चयन किया गया। उत्तर प्रदेश से सिर्फ 8 जिलाधिकारी इस सूची में जगह बना पाए हैं, जिनमें आजमगढ़ के डीएम रविन्द्र कुमार का नाम भी शामिल है।
फेम इंडिया मैगजीन अपने विशेष संस्करण “बेस्ट डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट 2026” में इन अधिकारियों के काम, नवाचार और जनता के लिए किए गए प्रयासों को प्रमुखता से प्रकाशित करेगी। इनमें से 25 सबसे बेहतरीन अधिकारियों को विशेष सम्मान भी दिया जाएगा।
सर्वे में जिलाधिकारियों को प्रशासनिक क्षमता, तेज निर्णय लेने की क्षमता, संकट प्रबंधन, जनता से संवाद, पारदर्शिता, विकास कार्यों की निगरानी और जनहित में किए गए कामों जैसे 10 बड़े पैमानों पर परखा गया।
आजमगढ़ में जनसुनवाई की मजबूत व्यवस्था, विकास कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग और योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के कारण डीएम रविन्द्र कुमार की कार्यशैली को काफी सराहना मिल रही है।
फेम इंडिया मैगजीन के प्रबंध संपादक अनिल सिंह ने कहा कि ऐसे सर्वे अधिकारियों के बीच सकारात्मक प्रतिस्पर्धा बढ़ाते हैं और इसका सीधा फायदा जनता को मिलता है।
उत्तर प्रदेश से चयनित अन्य जिलाधिकारियों में वाराणसी के सत्येंद्र कुमार, लखनऊ के विशाख जी अय्यर, मेरठ के विजय कुमार सिंह, मैनपुरी के अंजनी कुमार सिंह, बागपत की अस्मिता लाल, बरेली के अविनाश सिंह और संभल के राजेंद्र पेंसिया शामिल हैं।
आजमगढ़ में इस उपलब्धि को लेकर लोगों में खुशी का माहौल है और सोशल मीडिया पर भी डीएम रविन्द्र कुमार की खूब चर्चा हो रही है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh