विजेथुआ धाम में गूंजे जयकारे, शंकराचार्य ने किया संकटमोचन का पूजन, सनातन संस्कृति के संरक्षण का दिया संदेश, बोले— हनुमान भक्ति से दूर होते हैं जीवन के संकट
कादीपुर सुलतानपुर। आस्था, श्रद्धा और सनातन परंपरा के प्रमुख केंद्र विजेथुआ महावीर धाम में रविवार को आध्यात्मिक उल्लास का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। ज्योतिर्मठ के पूज्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने संकटमोचन हनुमानजी महाराज का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। उनके आगमन से पूरा धाम भक्तिमय माहौल में डूब गया और मंदिर परिसर जयघोषों से गूंज उठा।
पूज्य शंकराचार्य ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पं. वीरू महाराज एवं रिंकू महाराज के सान्निध्य में विशेष पूजा-अर्चना की। उन्होंने हनुमानजी की आरती उतारते हुए देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति तथा जनकल्याण की कामना की। इस दौरान श्रद्धालुओं ने “जय श्रीराम”, “हनुमान जी महाराज की जय” और “शंकराचार्य भगवान की जय” के उद्घोष के साथ पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
अपने आशीर्वचन में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि भगवान हनुमान केवल शक्ति और साहस के प्रतीक ही नहीं, बल्कि अटूट भक्ति, समर्पण और सेवा के भी आदर्श हैं। उन्होंने कहा कि हनुमानजी की सच्ची भक्ति से मनुष्य के जीवन के सभी संकट दूर होते हैं तथा उसे बुद्धि, बल और आत्मविश्वास की प्राप्ति होती है।
उन्होंने सनातन संस्कृति और भारतीय परंपराओं के संरक्षण पर बल देते हुए कहा कि वर्तमान समय में धर्म और संस्कारों को सहेजना प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है। समाज तभी सशक्त होगा, जब नई पीढ़ी अपनी जड़ों और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी रहेगी।
शंकराचार्य जी के विजेथुआ धाम आगमन की सूचना मिलते ही दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच गए। मंदिर परिसर में सुरक्षा और व्यवस्थाओं के व्यापक इंतजाम किए गए थे। स्थानीय संत-महात्माओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य लोगों ने उनका पुष्पवर्षा और माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया।
पूरे आयोजन के दौरान विजेथुआ महावीर धाम आध्यात्मिक ऊर्जा, श्रद्धा और भक्ति का केंद्र बना रहा। श्रद्धालुओं ने इसे अपने जीवन का सौभाग्यपूर्ण क्षण बताया।
इस अवसर पर अम्बरीश मिश्र, रितेश दूबे, विपिन तिवारी, रमेश मिश्र, अंकित पांडेय, सत्यम तिवारी, विजय अग्रहरि समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

























































Leave a comment