Crime News / आपराधिक ख़बरे

आजमगढ़: रौनापार में बाइक-ई-रिक्शा टक्कर में मामा-भांजे की मौत, ई-रिक्शा चालक गंभीर

आजमगढ़।रौनापार थाना क्षेत्र के रहमनिया मोड़ के पास शनिवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार मामा-भांजे की मौत हो गई, जबकि ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार चांदपट्टी फतेहपुर गांव निवासी आशीष कुमार (32) पुत्र स्वर्गीय मंगरु प्रसाद अपने भांजे आर्यन कुमार (18) पुत्र चंदन राम निवासी देवारा कदीम, थाना महराजगंज के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रहमनिया मोड़ के पास विपरीत दिशा से आ रहे ई-रिक्शा ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि आशीष कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल आर्यन कुमार ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।

वहीं हादसे में ई-रिक्शा चालक मोती राम पुत्र देवनरायन राम निवासी मार्हा कर्मनाथपट्टी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका अस्पताल में उपचार चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही रौनापार पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक आशीष कुमार की माता लालमुनी देवी ने ई-रिक्शा चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।

थानाध्यक्ष रौनापार सुनील कुमार दुबे ने बताया कि परिजनों की तहरीर प्राप्त हो गई है तथा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh