एहसान खान अस्पताल से हुए डिस्चार्ज, आज जाएंगे दूल्हे आजाद बिन्द और होने वाली दुल्हन के घर
दीदारगंज-आजमगढ़।छित्तेपुर गांव में 5 मई से आमरण अनशन पर बैठे एहसान खान की तबीयत बिगड़ने के बाद 15 मई को उन्हें परिवार और समर्थकों द्वारा आनन-फानन में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लगातार डॉक्टरों की निगरानी में रहने के बाद अब उनकी स्थिति में सुधार बताया जा रहा है। शनिवार रात्रि लगभग 8 बजे उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।
एहसान खान के प्रतिनिधि अनूप सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि अपने वादे के अनुसार आज 17 मई 2026 को शाम 3:30 बजे एहसान खान ग्राम बडउर, थाना सरायख्वाजा, जनपद जौनपुर पहुंचकर मृतक दूल्हे आजाद बिन्द के परिजनों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वह ग्राम बीबीपुर जमदहा, थाना खेतासराय जाकर उस होने वाली दुल्हन के परिवार से भी मिलेंगे, जिसका सिंदूर लगने से पहले ही उजड़ गया।
गौरतलब है कि दूल्हा हत्याकांड का मामला इस समय पूरे उत्तर प्रदेश में चर्चा का विषय बना हुआ है। पीड़ित परिवार लगातार न्याय की मांग को लेकर सड़कों पर उतर रहे हैं। कई राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने भी इस घटना को लेकर आवाज बुलंद की है।
अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि एहसान खान के पीड़ित परिवारों से मुलाकात के बाद यह मामला आगे क्या नया मोड़ लेता है।




















































Leave a comment