नवागत जिलाधिकारी ने की प्रेस वार्ता, प्राथमिकताओं को गिनाया।
देवरिया।नवागत जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने जनपद में कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत कलेक्ट्रेट सभागार में पत्रकार वार्ता आयोजित की। पत्रकारगणों से बातचीत करते हुए कहा कि एग्रीकल्चर सेक्टर के नवाचारी कार्यों को जमीनी स्तर तक लाने के लिए और अधिक मेहनत किए जाने के साथ ही सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन भी प्रभावी ढंग से किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि विशेष तौर पर हेल्थ, एजुकेशन, आईसीडीएस सेक्टर पर फोकस रहता है। उन्होंने यह भी कहा कि जन समस्याओं के गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए संवाद की अहम भूमिका होती है। मेरा प्रयास रहेगा कि सभी से संवाद बना रहे और जो भी समस्या है उसका समाधान प्राथमिकता के साथ हो सके। जिलाधिकारी ने आगे कहा कि मीडिया जन समस्याओं को सामने लाने में अहम भूमिका निभाती है। इससे जो जानकारी मिलती है, उससे कार्यों में जहां सुधार लाने की गुंजाइश रहती है, वहीं योजनाओं के क्रियान्वयन में कमियों को दूर करने में सहयोग मिलता है। इस पर प्राथमिकता से कार्य किया जाएगा और सुधार लाने का भी प्रयास रहेगा। उन्होंने कहा कि मेरी कोशिश रहती है कि सभी के साथ संवाद बनाए रखें। सीयूजी नंबर अब मेरे ही पास रहेगा, उसे मैं ही उठाऊंगा और इस पर सीधे मुझसे ही बात होगी। उन्होंने कहा कि जनपद में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की अच्छी टीम है। सभी के प्रयास व सहयोग से जनपद को विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को अमलीजामा पहनाने में अग्रणी रखा जाएगा।
पत्रकारगणों द्वारा जनपद की विभिन्न समस्याओं को जिलाधिकारी के संज्ञान में लाया गया, जिसे उन्होंने गंभीरता से लिया तथा उनके हर प्रश्न का समाधान कराए जाने हेतु आश्वस्त किया।
आयोजित प्रेस वार्ता के समय मुख्य राजस्व अधिकारी विजय कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) प्रेम नारायण सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त) राम शंकर सहित पत्रकारगण उपस्थित रहे।


























































Leave a comment