Latest News / ताज़ातरीन खबरें

दुल्हे की गोली मारकर हत्या बारात में मचा कोहराम नकाबपोश बदमाशों ने ओवरटेक कर घटना को दिया अंजाम

जौनपुर। जिले के खेतासराय थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां शादी करने जा रहे दूल्हे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना बादशाही बाजार की है, जहां अपाचे बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने दूल्हे की गाड़ी को ओवरटेक कर रोक लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बडौर गांव निवासी आजाद बिंद (25) पुत्र रामलखन बिंद की बारात खेतासराय थाना क्षेत्र के बीबीपुर जमदहां जा रही थी। बारात जब बादशाही बाजार के पास पहुंची, तभी पहले से घात लगाए बदमाशों ने दूल्हे की गाड़ी रोक ली और तमंचे से तीन राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगते ही दूल्हा गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। घटना के बाद बारात में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में घायल दूल्हे को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोंधी ले जाया गया, जहां हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। देर रात तक क्षेत्र में पुलिस बल तैनात रहा। घटना के पीछे की वजह को लेकर विभिन्न कयास लगाए जा रहे हैं। एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh