आरोग्य मेले में बड़ा खेल! मरीजों के लिए रखी एक्सपायरी दवाएं, डॉक्टर की कुर्सी पर बैठा लैब टेक्नीशियन
देवरिया ।जनपद के सलेमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) विशुनपुरा में आयोजित मुख्यमंत्री के ‘आरोग्य मंदिर’ स्वास्थ्य मेले में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही उजागर हुई है। मेले में मरीजों को देने के लिए रखी गई दवाओं में एक्सपायरी दवाएं मिलने से हड़कंप मच गया और पूरे आयोजन की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए।
जानकारी के अनुसार स्वास्थ्य मेले में मरीजों के इलाज और मुफ्त दवा वितरण के लिए दवाएं काउंटर पर रखी गई थीं। लेकिन जब दवाओं की जांच की गई तो उनमें से कई दवाओं की एक्सपायरी डेट निकल चुकी पाई गई। मामला सामने आते ही वहां मौजूद लोगों में नाराजगी फैल गई और स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठने लगे।
मामले में एक और चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर की कुर्सी पर एक लैब टेक्नीशियन बैठा हुआ मिला। स्थानीय लोगों का आरोप है कि डॉक्टर की अनुपस्थिति में वही मरीजों को देख रहा था, जिससे स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खुल गई।
जब इस मामले में प्रभारी डॉक्टर से फोन पर संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि केंद्र पर कोई फार्मासिस्ट तैनात नहीं है।स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर कोई मरीज भरोसे में आकर इन एक्सपायरी दवाओं का सेवन कर लेता और उसके साथ कोई अनहोनी हो जाती, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेता। लोगों ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
























































Leave a comment