त्योहारों पर चाक-चौबंद रहेगी व्यवस्था: डीएम व एसपी ने पीस कमेटी बैठक में दिए सख्त निर्देश
देवरिया। जनपद में आगामी त्योहारों को शांतिपूर्वक एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस लाइन स्थित प्रेक्षागृह में पीस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता दिव्या मित्तल (जिलाधिकारी देवरिया) एवं संजीव सुमन (पुलिस अधीक्षक देवरिया) ने संयुक्त रूप से की।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनन्द कुमार पाण्डेय, उपजिलाधिकारी श्रुति शर्मा, क्षेत्राधिकारीगण, थाना प्रभारीगण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने कहा कि सभी पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाए जाएं। उन्होंने संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति एवं यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। साथ ही आयोजकों से शासन-प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को नियमित भ्रमण कर संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण करने तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं आपत्तिजनक पोस्ट पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
अपर पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, पिकेट ड्यूटी एवं सघन गश्त की व्यवस्था की जाएगी। उपजिलाधिकारी ने विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने पर बल दिया।
बैठक में उपस्थित गणमान्य नागरिकों एवं कमेटी सदस्यों से सुझाव भी लिए गए, जिन पर प्रशासन ने आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया।






















































Leave a comment