Latest News / ताज़ातरीन खबरें

परीक्षा देने जा रहे छात्र की सड़क हादसे में मौत, एक गंभीर

आजमगढ़। जनपद के फूलपुर क्षेत्र में शुक्रवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में हाईस्कूल की गणित परीक्षा देने जा रहे एक छात्र की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
क्या है पूरा मामला?
फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के इब्राहिमपुर गांव के पास लखनऊ–बलिया राजमार्ग पर यह दुर्घटना हुई। जानकारी के अनुसार, सूक्खीपुर (थाना अहरौला) निवासी मोहम्मद समीर (20) पुत्र नसीम और आकिब (19) पुत्र नसीर अहमद बाइक से परीक्षा केंद्र जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक कार से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फूलपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने समीर को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल आकिब की हालत नाजुक देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जनता इंटर कॉलेज अंबारी में था परीक्षा केंद्र
दोनों छात्र जनता इंटर कॉलेज अंबारी में निर्धारित हाईस्कूल गणित परीक्षा देने जा रहे थे। वे रिसेंट पब्लिक इंटर कॉलेज गनवारा माहुल के कक्षा 10 के छात्र बताए जा रहे हैं।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक मोहम्मद समीर अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी एक बहन है। उसके पिता सऊदी अरब में रहकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। इकलौते बेटे की असमय मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। गांव में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही फूलपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

 


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh