बोर्ड परीक्षा में मुन्ना भाई पकड़ा गया दो सगे भाईयो पर मुकदमा दर्ज हाईस्कूल अंग्रेजी परीक्षा में प्रतिरूपण का मामला उजागर, केंद्र व्यवस्थापक की तहरीर पर पुलिस ने शुरू की जांच
आजमगढ़। हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा के दौरान प्रतिरूपण (इम्पर्सनेशन) का मामला सामने आया है। थाना क्षेत्र के उद्योग विद्यालय इंटर कॉलेज, कोयलसा में सोमवार को अंग्रेजी विषय की परीक्षा के दौरान एक युवक अपने सगे भाई के स्थान पर परीक्षा देते हुए पकड़ा गया। केंद्र व्यवस्थापक की तहरीर पर पुलिस ने दोनों भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार 23 फरवरी 2026 को हाईस्कूल परिषद परीक्षा 2026 के अंतर्गत अंग्रेजी विषय की परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह द्वारा उपस्थिति पत्रक का मिलान किया जा रहा था। इसी दौरान प्रवेश पत्र और उपस्थिति विवरण में अंतर पाया गया। गहन जांच में स्पष्ट हुआ कि आशीष कुमार पुत्र भूपत, निवासी ग्राम सम्मोपुर पोस्ट गोपालपुर, पल्हनी थाना सिधारी, जनपद आजमगढ़ के स्थान पर उसका सगा भाई पंकज कुमार पुत्र भूपत परीक्षा दे रहा था। मामले की पुष्टि होते ही केंद्र व्यवस्थापक डॉ. रणधीर सिंह ने तत्काल पुलिस को लिखित तहरीर दी। तहरीर में दोनों भाइयों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर विधिक कार्रवाई करने तथा मुकदमे की प्रति उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया। पुलिस ने प्राप्त तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है। परीक्षा में नकल और प्रतिरूपण रोकने के लिए प्रशासन द्वारा सख्त निगरानी की जा रही है।






















































Leave a comment