Latest News / ताज़ातरीन खबरें

मेडिकल स्टोर संचालक की सड़क हादसे में मौत

जौनपुर। मेडिकल स्टोर संचालक की सड़क हादसे में मौत जनपद के खुटहन क्षेत्र निवासी 55 वर्षीय डॉक्टर राम प्रताप प्रजापति की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। घटना 19 फरवरी की रात करीब 10 बजे की है। वह थाना सरायख्वाजा क्षेत्र के छतौरा मल्हनी में एक बारात में शामिल होने गए थे।

बताया जा रहा है कि बारात सड़क किनारे खड़ी थी और राम प्रताप प्रजापति रोड की पटरी पर खड़े थे। इसी दौरान मल्हनी की ओर से तेज रफ्तार और अनियंत्रित मोटरसाइकिल ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ मौजूद थी, लेकिन काफी देर तक उन्हें उपचार के लिए अस्पताल नहीं ले जाया गया। समय पर इलाज न मिलने के कारण थोड़ी ही देर में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक राम प्रताप प्रजापति ग्राम सधनपुर, थाना खुटहन के निवासी थे और खुटहन हॉस्पिटल रोड पर मेडिकल स्टोर का संचालन करते थे। उनके परिवार में पत्नी सुमित्रा देवी (50), दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। सभी बच्चों का विवाह हो चुका है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव को घर ले आए।

इसके बाद डायल 112 के माध्यम से खुटहन पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने थाना सरायख्वाजा में तहरीर देकर मोटरसाइकिल चालक और वाहन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

घटना के बाद से पत्नी सुमित्रा देवी, बेटों और पोते-पोतियों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक की लहर व्याप्त है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh