कुवैत में हत्या के चार दिन बाद गांव पहुंचा राहुल का शव, पत्नी बेसुध; दुर्वासा धाम में हुआ अंतिम संस्कार
आजमगढ़। कुवैत में चार दिन पहले हत्या किए गए फूलपुर थाना क्षेत्र के यूसुफपुर खानपुर निवासी 25 वर्षीय राहुल चौहान का शव मंगलवार शाम पैतृक गांव पहुंचा। शव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी साधना समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। देर शाम परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में दुवार्सा धाम पर राहुल का अंतिम संस्कार किया गया।
राहुल भाजपा सदस्य कस्तूरी चौहान के पुत्र थे और रोजगार के सिलसिले में कुवैत में नौकरी करते थे। करीब छह माह पहले ही वह दोबारा कुवैत गए थे। इससे पहले भी वह कुवैत में काम कर चुके थे।
मृतक के पिता कस्तूरी चौहान ने बताया कि राहुल दीदारगंज निवासी मुन्ना चौहान के पुत्र के साथ कुवैत गए थे। जानकारी के मुताबिक, कुवैत पुलिस ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है। परिजनों के अनुसार कमरा बदलने या काम से जुड़ी किसी गलतफहमी को घटना का संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
मंगलवार शाम शव गांव पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार राहुल के घर पहुंच गए। शव देखते ही पत्नी साधना बेसुध हो गईं। राहुल की शादी करीब चार वर्ष पहले हुई थी। उनके पीछे पत्नी के अलावा एक पुत्र और एक पुत्री हैं।
कम उम्र में राहुल की दर्दनाक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल रहा। भाजपा के वरिष्ठ नेता कृष्ण मुरारी विश्वकर्मा समेत अन्य लोगों ने राहुल के घर पहुंचकर शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया।























































Leave a comment