Latest News / ताज़ातरीन खबरें

डीएम और एसपी ने लिया अपराध की समीक्षा बैठक: माफियाओं और टॉप-टेन अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश

आजमगढ़। रविवार  को जिलाधिकारी  रविन्द्र कुमार द्वितीय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने रिजर्व पुलिस लाइन्स आजमगढ़ में अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारियों और शाखा प्रभारियों के साथ अपराध नियंत्रण, सुरक्षा और महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश साझा किए गए।


बैठक में पुलिस अधीक्षक ने त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सकुशल सम्पन्न कराने के लिए भ्रमणशील रहने और आयोजकों के साथ पीस कमेटी की बैठक करने के निर्देश दिए। चोरी व नकबजनी की घटनाओं पर नियंत्रण हेतु पिकेट गस्त बढ़ाने, प्रभावित क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरा लगवाने और संपत्ति की 100% बरामदगी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

गंभीर घटनाओं में राजपत्रित अधिकारी 24 घंटे के भीतर घटना स्थल का निरीक्षण करेंगे। दो सम्प्रदायों के बीच घटित छोटी से छोटी घटनाओं का तत्काल संज्ञान लेकर विधिक समाधान कराया जाएगा। थाना परिसरों में वाहनों का अविलम्ब निस्तारण और नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

माननीय न्यायालय से समन्वय स्थापित कर मुकदमों से संबंधित निर्णयिक माल का निस्तारण, IGRS प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध निस्तारण और फरियादियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान भी निर्देशित किया गया। वाहन चेकिंग अभियान समय-समय पर आयोजित होगा, महिलाओं की शिकायतों को प्राथमिकता दी जाएगी और भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी।

माफियाओं और टॉप-टेन अपराधियों के खिलाफ प्रभावी निरोधात्मक कार्यवाही, गैंगस्टर एक्ट से अर्जित संपत्तियों की जब्ती और साइबर फ्रॉड के मामलों में जीआरपी व आरपीएफ से समन्वय स्थापित करने पर विशेष ध्यान दिया गया। 1930 हेल्पलाइन नंबर के प्रचार और मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए महिला बीट अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में नियमित भ्रमण हेतु निर्देशित किया गया।

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक नगर मुधवन कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात विवेक त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh