Latest News / ताज़ातरीन खबरें

सीएम डैशबोर्ड समीक्षा में सख्त हुए मंडलायुक्त, अवैध अस्पतालों पर अभियान और लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश

आजमगढ़। मंडलायुक्त विवेक की अध्यक्षता में गुरुवार को मंडलायुक्त सभागार में सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित विभागीय रैंकिंग और ग्रेडिंग के आधार पर विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने कई मामलों में सख्त रुख अपनाया और अधिकारियों को समयबद्ध सुधार के निर्देश दिए।

बैठक में मंडल के तीनों जिलों में बिना पंजीकरण संचालित क्लीनिकों और अस्पतालों के खिलाफ एक साथ विशेष अभियान चलाकर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। सीएमओ को पंजीकृत और अपंजीकृत अस्पतालों का सत्यापन कर कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया। साथ ही एंबुलेंस 108 और 102 की रिस्पांस टाइम कम करने, संस्थागत प्रसव बढ़ाने और टेली रेडियोलॉजी सुविधा शुरू करने पर भी जोर दिया गया।

सेतु निर्माण कार्यों की खराब प्रगति पर नाराजगी जताते हुए मंडलायुक्त ने आजमगढ़ और बलिया के सेतु निगम के अधिशासी अभियंताओं को प्रतिकूल प्रविष्टि देने तथा मुख्य अभियंता को कड़ी चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए। मंडलीय जिला चिकित्सालय में सिटी स्कैन संचालन में लापरवाही पर सीएमएस को भी विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए गए।

आईसीडीएस योजनाओं की समीक्षा के दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारियों और सीडीपीओ को अधिक से अधिक फील्ड विजिट कर योजनाओं का जमीनी मूल्यांकन करने, पोषण अभियान में प्रगति बढ़ाने और सभी पात्र परिवारों की फैमिली आईडी बनवाने के निर्देश दिए गए। जननी सुरक्षा योजना के तहत सभी पात्र लाभार्थियों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

विद्युत विभाग की समीक्षा में मंडल के प्रत्येक विद्युत खंड में सबसे अधिक लाइन लॉस वाले पांच जूनियर इंजीनियरों की पहचान कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही बिजली आपूर्ति, बिल संशोधन और आईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

बैठक में छात्रवृत्ति, पेंशन योजनाएं, पीएम फसल बीमा, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, जल जीवन मिशन, पीएम सूर्य घर योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, ऑपरेशन कायाकल्प, कन्या सुमंगला, ओडीओपी, बागवानी, मत्स्य, पशुपालन, वृक्षारोपण, शिक्षा, खेल और अन्य विकास योजनाओं की भी समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने सभी विभागों को रैंकिंग और ग्रेडिंग में सुधार लाने के लिए निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी आजमगढ़ रविन्द्र कुमार, जिलाधिकारी बलिया मंगला प्रसाद सिंह, जिलाधिकारी मऊ आनंद वर्धन, अपर आयुक्त प्रमोद कुमार पांडेय, संयुक्त विकास आयुक्त सहित मंडल और तीनों जिलों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh