लार पुलिस को मिली भारी सफलता 55 पेटी अंग्रेजी शराब के साथ एक तस्कर गिरफ्तार
देवरिया।लार पुलिस की मुस्तैदी से तस्करों के मंसूबे नाकाम हो रहे हैं। सोमवार को मेहरौना बॉर्डर पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा निर्मित 55 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की। इस मामले में पिकअप चालक को मौके से गिरफ्तार किया गया है।
लार थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम मेहरौना बॉर्डर पर वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान यूपी 15 FT 9915 नंबर की एक पिकअप को रोका गया। ऊपर से देखने पर पिकअप में भूसा लदा था, लेकिन तलाशी लेने पर भूसे के नीचे तह बनाकर रखी गई हरियाणा मार्का 55 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने तत्काल वाहन को कब्जे में लेकर चालक निशार खान पुत्र अयूब खान, निवासी मोदीपुरम, पल्लवपुरम फेज-2, थाना पल्लवपुरम, जनपद मेरठ को गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि शराब की यह पूरी खेप बिहार में ऊंचे दामों पर बेचने के लिए ले जाई जा रही थी। पुलिस अब गिरफ्तार तस्कर से गहन पूछताछ कर इस अवैध कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क और सरगना तक पहुंचने की कोशिश में है। थाना प्रभारी ने बताया कि जल्द ही इस गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
लार थाना क्षेत्र के चनुकी पुल, पटनेजी पुल और मेहरौना पुल के रास्ते लगातार अवैध शराब बिहार पहुंचाई जा रही है। गौरतलब है कि दो दिन पहले भी पटनेजी पुल के पास बांध के किनारे लावारिस हालत में खड़ी एक पिकअप से भारी मात्रा में देसी शराब बरामद हुई थी, हालांकि उस दौरान तस्कर भाग निकले थे। लगातार हो रही बरामदगी से स्पष्ट है कि बॉर्डर से सटे ये इलाके तस्करों के लिए मुफीद बने हुए हैं।
सीओ सलेमपुर ने बताया कि बिहार बॉर्डर से जुड़े सभी संवेदनशील मार्गों पर पुलिस की निगरानी और गश्त बढ़ा दी गई है। रात में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों की मदद से भी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस का दावा है कि अवैध शराब तस्करी पर जल्द पूरी तरह रोक लगा दी जाएगी।
आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।






















































Leave a comment