Latest News / ताज़ातरीन खबरें

पुलिस मुठभेड़ में ट्रैक्टर पिकअप चोरी गैंग का शातिर बदमाश घायल दुसरा गिरफ्तार पुलिस और SOG टीम की कार्रवाई में चोरी का ट्रैक्टर, पिकअप, तमंचा, कारतूस, अनाज और नकदी बरामद

आजमगढ़। जिले के तरवां थाना क्षेत्र में पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर और पिकअप चोरी करने वाले गैंग के दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गया, जबकि दूसरा आरोपी मौके से दबोच लिया गया। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी का ट्रैक्टर, पिकअप वाहन, तमंचा, कारतूस, छह बोरी अनाज और नकदी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, 2 मई 2026 को मौलानीपुर गांव निवासी पूनम गिरी ने थाना तरवां में ट्रैक्टर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसी मामले की जांच के दौरान 11/12 मई की रात तरवां पुलिस और एसओजी टीम संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी सूचना मिली कि चोरी का ट्रैक्टर और पिकअप लेकर कुछ बदमाश कंचनपुर से बोगरिया मार्ग की तरफ आ रहे हैं और उनके पास अवैध हथियार भी हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने बांसगांव तिराहे पर घेराबंदी कर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। कुछ देर बाद एक पिकअप और ट्रैक्टर आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर पिकअप चालक भागने लगा, जिसे पुलिस ने पकड़ लिया। वहीं ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर भागने लगा और पीछा करने पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश की पहचान विनोद उर्फ सिंटू निवासी मीरपुर थाना बहरियाबाद जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। उसके पास से एक तमंचा, कारतूस और चोरी का ट्रैक्टर बरामद हुआ। वहीं दूसरे आरोपी अमित कुमार उर्फ धासू निवासी बारोडीह थाना भुड़कुड़ा जनपद गाजीपुर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से पिकअप वाहन, छह बोरी अनाज और 4500 रुपये बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका संगठित गैंग कई जिलों में ट्रैक्टर, पिकअप और दुकानों से सामान चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। चोरी का सामान बेचकर आपस में रकम बांट लेते थे। आरोपियों ने तरवां क्षेत्र से ट्रैक्टर चोरी करने, देवगांव क्षेत्र से गेहूं चोरी करने और पल्हना बाजार की दुकान से सामान चोरी करने की घटनाओं को भी कबूल किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी विनोद उर्फ सिंटू पर वाराणसी, गाजीपुर, देवरिया, प्रयागराज और मऊ समेत कई जिलों में चोरी, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट के दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh