अवैध तमंचा व कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार
देवरिया। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना एकौना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने अवैध असलहे के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक अवैध 12 बोर तमंचा तथा दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक देवरिया के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर के पर्यवेक्षण में थाना एकौना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए सतेंद्र पासवान पुत्र भीमल पासवान निवासी तियार खेवा, थाना एकौना को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार युवक की उम्र लगभग 22 वर्ष बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी द्वारा अवैध असलहे के साथ वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया था, जिसका वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। जांच के दौरान युवक के पास से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद हुए।
इस मामले में थाना एकौना पर आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।


























































Leave a comment