गुमशुदा युवक का शव मिलने से सनसनी गले पर कटने के निशान; मौके पर पहुंचे आला अधिकारी, एसओजी व फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी
आजमगढ़। जनपद के थाना तहबरपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नसरुद्दीनपुर में एक 22 वर्षीय गुमशुदा युवक का शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक के शव मिलने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया। घटना की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन तथा क्षेत्राधिकारी बुढ़नपुर भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। मामले की जांच के लिए एसओजी टीम और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में युवक के गले पर कटने के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके। वहीं, युवक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक व दहशत का माहौल बना हुआ है। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन ने बताया कि युवक कुछ समय से गुमशुदा था और अब उसका शव बरामद हुआ है। गले पर कटने के निशान मिलने के बाद सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है तथा पूरे मामले की गहनता से जांच जारी है।




















































Leave a comment