हिन्दी विभाग ने किया विदाई समारोह आयोजित
देवरिया।स्थानीय बाबा राघवदास भगवानदास स्नातकोत्तर महाविद्यालय आश्रम बरहज में सोमवार को हिंदी विभाग के स्नातक के विद्यार्थियों द्वारा छठवें सेमेस्टर के विद्यार्थियों के सम्मान में भव्य एवं भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्साह, आत्मीयता और भावनाओं का सुंदर संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं बाबा राघवदास जी के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात अदिति राजभर द्वारा प्रस्तुत मंगलाचरण तथा स्वागत गीत एवं रीना चौरसिया ने सरस्वती वंदना ने वातावरण को भक्तिमय एवं सरस बना दिया। प्रिया ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर उपस्थित अतिथियों का अभिनंदन किया।
मुख्य अतिथि प्राचार्य प्रो. शम्भुनाथ तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि विदाई किसी यात्रा का अंत नहीं, बल्कि नए जीवन पथ की शुरुआत होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्राप्त ज्ञान को जीवन में उतारते हुए निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया तथा कहा कि महाविद्यालय से मिली शिक्षा और संस्कार उन्हें समाज में विशिष्ट पहचान दिलाएंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं कु. कंचन तिवारी ने कहा कि सफलता का आधार निरंतर परिश्रम, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास है। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और प्रत्येक परिस्थिति से सीखने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर डॉ. मंजू यादव, डॉ. अरविन्द पाण्डेय, डॉ.विनय तिवारी तथा डॉ. धनन्जय तिवारी ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा उन्हें अनुशासन, परिश्रम और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का संचालन रीना चौरसिया ने कुशलतापूर्वक किया। इस दौरान हिंदी विभाग के स्नातक कक्षाओं के सभी विद्यार्थी उपस्थित रहे और अपने वरिष्ठ विद्यार्थियों को भावभीनी विदाई दी।
अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। समारोह ने सभी को भावुक कर दिया तथा यादगार स्मृतियाँ संजो गया। इस दौरान प्रदीप शुक्ला, अनुष्का वर्मा, सपना विश्वकर्मा, रिंकी कुमारी ने विदाई गीत प्रस्तुत किया।


























































Leave a comment