Latest News / ताज़ातरीन खबरें

स्कूल चलो अभियान की रैली को कैबिनेट मंत्री ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना,बच्चों को नैतिक मूल्यों की भी दिया जाये शिक्षा : मंत्री एके शर्मा

 मऊ । घोसी।मुख्यालय मऊ में शैक्षिक सत्र 2026–2027 के अंतर्गत “स्कूल चलो अभियान” का भव्य शुभारम्भ नगर पालिका कम्युनिटी हॉल, मऊ में संपन्न हुआ। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का उद्घाटन प्रदेश के  मंत्री, नगर विकास एवं ऊर्जा विभाग, उत्तर प्रदेश,  ए. के. शर्मा द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
             कार्यक्रम के प्रारम्भ में  मंत्री ए के शर्मा का स्वागत पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर किया गया। स्वागत समारोह के उपरांत स्कूली छात्राओं द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनमें नृत्य और योग प्रदर्शन प्रमुख आकर्षण रहे। छात्राओं ने योग के माध्यम से “स्वस्थ जीवन” का संदेश देते हुए उपस्थित जनसमूह को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। इसके साथ ही “शिक्षा हर बच्चे का अधिकार, उज्ज्वल भविष्य का आधार” तथा “पढ़ ले बिटिया, पढ़ ले बहना, शिक्षा है जीवन का गहना” जैसे प्रेरणादायक नारों के माध्यम से बच्चों और अभिभावकों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। नगर विकास मंत्री  ने स्कूल चलो अभियान के प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी किये।
          आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए  मंत्री  ए. के. शर्मा जी ने कहा कि देश के  प्रधानमंत्री का सपना है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए “स्कूल चलो अभियान” चलाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गर्मी के दिनों में गांव-गांव जाकर, घर-घर संपर्क स्थापित कर बच्चों एवं उनके अभिभावकों को शिक्षा के महत्व के बारे में जागरूक करें तथा उन्हें विद्यालय में नामांकन हेतु प्रेरित करें। माननीय मंत्री जी ने अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि शिक्षा ही वह आधार है, जिसके बल पर व्यक्ति अपने जीवन में सफलता प्राप्त करता है। उन्होंने कहा कि यदि वे शिक्षित न होते, तो आज इस मुकाम पर नहीं पहुंच पाते। शिक्षा व्यक्ति को समाज में सम्मान दिलाने के साथ-साथ समाज की दिशा और दशा बदलने की क्षमता भी प्रदान करती है। उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे बच्चों को केवल पुस्तक ज्ञान ही नहीं, बल्कि नैतिक मूल्यों की भी शिक्षा दें और उन्हें माता-पिता तथा गुरुजनों का सम्मान करना सिखाएं।
उन्होंने आगे कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कारों का भी केंद्र होना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि स्कूलों में बच्चों के जन्मदिन के अवसर पर सहिजन एवं अन्य फलदार पौधों का रोपण किया जाए, जिससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिले और बच्चे प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनें। इसके अतिरिक्त, समय-समय पर विद्यालयों में साफ-सफाई अभियान चलाकर बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाए।  माननीय मंत्री जी ने यह भी निर्देश दिए कि यदि गांव में कोई बच्चा विद्यालय समय में खेलता हुआ दिखाई दे, तो उसके अभिभावकों से संपर्क कर उसे विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, यह सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने जनपद में शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि जनपद मऊ में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के सुदृढ़ीकरण हेतु 1 करोड़ 57 लाख रुपये का बजट आवंटित किया गया है, जिससे बालिकाओं को बेहतर शैक्षिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके अतिरिक्त, परिषदीय विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की सुविधा के लिए 1 करोड़ रुपये की लागत से बेंच की व्यवस्था कराई गई है, जिससे उन्हें अध्ययन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
माननीय मंत्री जी ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि “स्कूल चलो अभियान” के माध्यम से जनपद के सभी बच्चे विद्यालय से जुड़ेंगे और प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने संकल्प लिया कि वे प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ने में अपना पूर्ण सहयोग देंगे और शिक्षा के इस अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। इस अवसर पर बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए इसके सफल क्रियान्वयन के लिए विस्तृत रणनीति साझा की। उन्होंने कहा की कार्यक्रम न केवल शिक्षा के महत्व को रेखांकित करता है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को इस दिशा में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करता है। “स्कूल चलो अभियान” निश्चित रूप से जनपद मऊ में शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन लाने का माध्यम बनेगा और हर बच्चे के उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करेगा। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी,जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, अध्यापक, अध्यापिकाए, छात्र, छात्रा सहित अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहें।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh