Latest News / ताज़ातरीन खबरें

सेवानिवृत्त शिक्षिका श्रीमती कमलेश राय को समारोह आयोजित कर दी गई विदाई।

घोसी।मऊ। ब्लॉक घोसी अंतर्गत पूर्व माध्यमिक विद्यालय धरौली में गोल्ड मेडलिस्ट एवं राज्य अध्यापक पुरस्कार प्राप्त व प्रधानाध्यापक डॉ. रामविलास भारती के नेतृत्व में सेवानिवृत्त शिक्षिका श्रीमती कमलेश राय का विदाई एवं सम्मान समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी धर्मेन्द्र कुमार रहे। विद्यालय में सहायक अध्यापिका के रूप में कार्यरत श्रीमती कमलेश राय  31 मार्च 2026 को सेवानिवृत्त हुईं। उनके सेवानिवृत्त होने के पश्चात अब विद्यालय एकल शिक्षक विद्यालय हो गया है, जिसमें  प्रधानाध्यापक डॉ. रामविलास भारती ही एकमात्र शिक्षक रह गए हैं। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी धर्मेन्द्र कुमार एवं डॉ. रामविलास भारती द्वारा श्रीमती कमलेश राय को बुके, अंगवस्त्र, उनकी स्वयं की प्रतिमा, भारत के संविधान की प्रति एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं श्रीमती कमलेश राय ने भी सभी उपस्थित जनों को अंगवस्त्र प्रदान कर आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार की आँखें भावुकता से नम हो उठीं।
       खंड शिक्षा अधिकारी धर्मेन्द्र कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि “श्रीमती कमलेश राय ने अपने सेवाकाल में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान दिया है। उनका समर्पण, अनुशासन और विद्यार्थियों के प्रति स्नेह सदैव प्रेरणादायी रहेगा। शिक्षक केवल ज्ञान देने वाला नहीं, बल्कि समाज का मार्गदर्शक होता है। प्रधानाध्यापक डॉ. रामविलास भारती ने कहा कि कमलेश राय जी का विद्यालय के प्रति समर्पण और कार्यशैली अतुलनीय रही है। उन्होंने सीमित संसाधनों में भी शिक्षा की गुणवत्ता को बनाए रखते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर कार्य किया। ग्राम प्रधान बालचंद राम ने कहा कि कमलेश राय जी ने शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों में भी सक्रिय भूमिका निभाई है। उन्होंने गाँव के बच्चों को शिक्षित कर समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। अंत में सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों ने श्रीमती कमलेश राय को  सम्मानपूर्वक उनकी गाड़ी तक छोड़ते हुए भावभीनी विदाई दी। इस अवसर पर ग्राम प्रधान बालचंद राम, कमलेश राय, फूलवंती शाही, एसएमसी अध्यक्ष बदामी, नीलम पटेल, सुनीता, अंजू मिश्रा, राकेश कुमार गौतम, नीरज कुमार, पूजा, किशुनदेई, तारा, उत्तमी एवं अर्जुन यादव सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh