Latest News / ताज़ातरीन खबरें

पत्रकार पर जानलेवा हमला, जातिसूचक गालियां देकर हॉकी-डंडों से पीटा , रुस्तमपुर चौराहे के पास हुई घटना, मुकदमा दर्ज कराने के लिए थाने में दी तहरीर


अम्बेडकरनगर में पत्रकार असुरक्षित सामाज
अम्बेडकरनगर। जिले में पत्रकारों की सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द पर सवाल खड़ा करने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। आलापुर तहसील क्षेत्र के पत्रकार जगदीप गौतम पर बीती रात कथित रूप से कुछ लोगों ने जातिसूचक गालियां देते हुए जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने हॉकी और डंडों से बुरी तरह मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया और घटना की जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी भी दी।प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम रामकोला निवासी पत्रकार जगदीप गौतम बीते लगभग पाँच वर्षों से क्षेत्र में सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाते रहे हैं।
बताया जाता है कि 6 मार्च 2026 की रात लगभग 11:15 बजे वह मालीपुर क्षेत्र से एक सामाजिक कार्यक्रम से लौट रहे थे। जैसे ही वह रुस्तमपुर चौराहा के पास पहुंचे, तभी सामने से तेज रफ्तार और अनियंत्रित तरीके से आ रही एक अर्टिगा कार उनकी गाड़ी से टकरा गई। इस टक्कर में उनके गाड़ी के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
दुर्घटना के बाद जब पत्रकार जगदीप गौतम अपनी गाड़ी से उतरकर स्थिति देखने लगे, तभी सामने वाली गाड़ी से अनिल कुमार शर्मा अपने लगभग पाँच अन्य साथियों के साथ उतरकर आए। बताया जाता है कि उनके हाथों में हॉकी और डंडे जैसे हथियार थे।पीड़ित पत्रकार के अनुसार उन्होंने स्थिति को शांतिपूर्वक सुलझाने के उद्देश्य से अपना परिचय देते हुए अपना विजिटिंग कार्ड उन्हें दिया और बातचीत कर मामले को सुलझाने का आग्रह किया। लेकिन आरोप है कि कार्ड पढ़ते ही आरोपियों ने उसे फाड़कर फेंक दिया और उनके नाम में “गौतम” शब्द देखकर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए अपमानित किया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने कथित रूप से कहा —
चमार साले, तुम्हें तो मार डालना चाहिए इसके बाद हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए हॉकी और डंडों से पत्रकार पर हमला कर दिया। इस हमले में उन्हें शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और अंदरूनी चोट लगने की भी आशंका जताई जा रही है।
घटना के दौरान पत्रकार द्वारा शोर मचाने और मदद की गुहार लगाने पर आसपास के लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। बताया जाता है कि स्थिति बिगड़ती देख आरोपियों ने मारपीट बंद कर दी और जाते-जाते धमकी दी कि यदि इस घटना की शिकायत कहीं की गई तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा।
इस घटना से क्षेत्र के पत्रकारों और सामाजिक संगठनों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पत्रकार समाज की आवाज होते हैं और उन पर इस प्रकार का हमला लोकतंत्र की भावना के खिलाफ है।
पीड़ित पत्रकार ने पूरे मामले की लिखित शिकायत थाना बसखारी में देकर आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी अपील की है।अब देखना यह होगा कि पुलिस इस गंभीर मामले में कितनी तत्परता से कार्रवाई करती है और दोषियों के विरुद्ध क्या कदम उठाती है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh