Accidental News / दुर्घटना की खबरें

डबल डेकर बस की टक्कर से छः की मौत सात गंभीर तड़के 4 बजे हुआ हादसा, एक्सप्रेसवे पर यातायात हुआ बाधित

हाथरस। यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव गढ़ी हरिया के पास करीब सुबह चार बजे हुआ, जब दिल्ली से सवारी भरकर गोरखपुर जा रही एक अनियंत्रित डबल डेकर बस ने आगे चल रही इको कार में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि इको कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार छह लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों में राजस्थान के धौलपुर निवासी एक दंपती और आगरा जनपद के बाह क्षेत्र के एक दंपती शामिल हैं। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे की एक लेन पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाहा, एसडीएम मनीष चौधरी और तहसीलदार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया। सात घायलों को तत्काल एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए आगरा के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और बस चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक का संतुलन खोना हादसे का कारण बताया जा रहा है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh