Latest News / ताज़ातरीन खबरें

मंडप में मंत्र, बाहर पुलिस का सायरन द्वारपूजा के बाद थाने पहुंच गया दूल्हा, मामला दुसरी शादी का

आजमगढ़। शादी की खुशियां उस वक्त  अफरा-तफरी में बदल गईं, जब द्वारपूजा के बाद पुलिस ने दूल्हे को हिरासत में लेकर थाने पहुंचा दिया। सिधारी थाना क्षेत्र में हुई इस अनोखी कार्रवाई ने पूरे समारोह को सन्न कर दिया। वजह जानकर हर कोई हैरान रह गया। दूल्हा पहले से शादीशुदा निकला और पहली पत्नी की शिकायत पर ऐन वक्त पर दूसरी शादी रुकवा दी गई।
मिली जानकारी के अनुसार सिधारी थाना क्षेत्र में एक मौर्य परिवार का युवक बिना अपनी पहली शादी की जानकारी दिए दूसरी शादी रचा रहा था। शादी की रस्में लगभग आधी पूरी हो चुकी थीं। इसी बीच उसकी पहली पत्नी ने मुख्यमंत्री कार्यालय में ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा दी। शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर शादी रुकवा दी। इसके बाद दूल्हे को उसके परिजनों के साथ थाने ले जाया गया।
बताया जा रहा है कि युवक पहले से शादीशुदा है और उसने प्रेम विवाह किया था। आरोप है कि युवक के परिवार ने भी इस तथ्य को छिपाया और दुल्हन पक्ष को इसकी जानकारी नहीं दी। जब सच्चाई सामने आई तो दुल्हन पक्ष ने शादी में हुए खर्च की भरपाई की मांग की।
थाने में दोनों पक्षों के बीच करीब 12 घंटे से अधिक समय तक पंचायत चलती रही। जानकारी के मुताबिक युवक वाराणसी नगर निगम में संविदा पर कर्मचारी है और डिजिटल क्रिएटर के रूप में भी सक्रिय है।
इस मामले में सिधारी थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया है और किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं करना चाहते।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh