कादीपुर में स्वच्छता की दिशा में बड़ा कदम, एमआरएफ सेंटर में ट्रॉमेल मशीन का उद्घाटन
कादीपुर सुल्तानपुर। नगर पंचायत कादीपुर को स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए एमआरएफ (मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) सेंटर में ट्रॉमेल मशीन की स्थापना की गई। इस आधुनिक मशीन का उद्घाटन नगर पंचायत अध्यक्ष आनंद जयसवाल ने किया।
उद्घाटन कार्यक्रम में सभासद बृजेश सिंह, रणधीर सिंह, गौरव तिवारी, शिवम अग्रहरी एवं उत्कर्ष मोदनवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर वक्ताओं ने नगर को स्वच्छ रखने के लिए जनसहभागिता और आधुनिक तकनीक के उपयोग पर जोर दिया।
ट्रॉमेल मशीन के माध्यम से नगर पंचायत क्षेत्र से निकलने वाले समस्त कूड़े का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाएगा। इससे गीले और सूखे कचरे का पृथक्करण संभव होगा, जिससे न केवल स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ होगी बल्कि पुनर्चक्रण योग्य कचरे से नगर पंचायत को अतिरिक्त आय भी प्राप्त होगी।
नगर पंचायत अध्यक्ष आनंद जयसवाल ने कहा कि यह मशीन कादीपुर को “क्लीन सिटी” की दिशा में आगे बढ़ाने में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने नगरवासियों से स्वच्छता अभियान में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास से ही स्वच्छ और सुंदर कादीपुर का सपना साकार किया जा सकता है।


























































Leave a comment