Latest News / ताज़ातरीन खबरें

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधार पर जोर

सुलतानपुर ।जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति (शासी निकाय) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई और सुधार हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक की शुरुआत में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने मातृ स्वास्थ्य, परिवार नियोजन, कम्युनिटी प्रोसेस, आयुष्मान भारत, नियमित टीकाकरण, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। बताया गया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान में जनपद की रैंकिंग प्रदेश में 10वें स्थान पर है, जिस पर जिलाधिकारी ने संतोष जताते हुए इसे और बेहतर करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने करौंदीकला, भदैया और अखण्डनगर सीएचसी के आंकड़ों में त्रुटि पाए जाने पर कड़ी नाराजगी जताई और डेटा को सही करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
गंभीर रूप से जले मरीजों के उपचार को लेकर जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि ऐसे मरीजों का इलाज जनपद में ही किया जाए और केवल प्लास्टिक सर्जरी के मामलों में ही रेफर किया जाए। सिजेरियन डिलीवरी की समीक्षा के दौरान उन्होंने सुविधाओं में सुधार पर जोर देते हुए अनावश्यक रूप से मरीजों को निजी अस्पतालों में भेजने पर रोक लगाने के निर्देश दिए।
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम को अगली बैठक में उपस्थित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, 10 बेडेड एनआरसी (पोषण पुनर्वास केंद्र) में भर्ती बच्चों की प्रगति की निगरानी के लिए एडमिशन और डिस्चार्ज के समय वजन, फोटो एवं वीडियो रिकॉर्ड रखने को कहा गया।
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुई दुर्घटना के दौरान कूरेभार सीएचसी द्वारा किए गए त्वरित आपातकालीन चिकित्सा प्रबंधन की जिलाधिकारी ने सराहना की और सभी स्वास्थ्य इकाइयों को इसी तरह टीम भावना से कार्य करने के निर्देश दिए।
वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम के लिए उनके मूल कारणों को समाप्त करने पर बल दिया गया। स्कूलों में टीडी और डीटीपी टीकाकरण की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए इसे तेज करने के निर्देश दिए गए। गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं के टीकाकरण में भी तेजी लाने के लिए अखण्डनगर, कादीपुर, भदैया, कुड़वार और धनपतगंज सीएचसी को फटकार लगाई गई।
टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत कम हो रहे एक्स-रे की संख्या पर चिंता जताते हुए दूबेपुर और कुड़वार सीएचसी को सुधार के निर्देश दिए गए। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना पर अलग से विस्तृत प्रस्तुतीकरण तैयार करने को कहा गया।
बैठक में स्वास्थ्य संस्थानों में दवाओं, उपकरणों और मानव संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, एम्बुलेंस सेवाओं में सुधार लाने तथा मरीजों के साथ बेहतर व्यवहार और पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
अंत में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करें, फील्ड विजिट नियमित रूप से करें और सभी योजनाओं का समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh