पत्तल लाने के बहाने ले जाकर युवक को ईंट से हमला कर की थी हत्या पुरानी रंजिश में रची साजिश, शव छिपाकर सबूत मिटाने की कोशिश, 24 घंटे में हत्या का खुलासा, बाल अपचारी पकड़ा गया
आजमगढ़। जनपद के तहबरपुर थाना क्षेत्र में हुई सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। इस मामले में एक बाल अपचारी को पुलिस ने अभिरक्षा में लिया है। आरोपी ने बारात से बहाने से युवक को ले जाकर उसकी ईंट से हत्या कर दी और शव को छिपा दिया था। जानकारी के अनुसार, 28 अप्रैल 2026 को ग्राम नासिरूद्दीनपुर निवासी रामधारी प्रजापति ने सूचना दी कि उनका भतीजा सूरज प्रजापति, जो बारात में गया था, संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। बाद में उसका शव गांव के कब्रिस्तान में झाड़ियों में मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। 29 अप्रैल को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने नैपुरा अंडरपास के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध बाल अपचारी को मोटरसाइकिल सहित पकड़ लिया। पूछताछ में उसने हत्या की बात कबूल कर ली। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने पुरानी रंजिश के चलते योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया। बारात के दौरान वह मृतक को पत्तल लाने के बहाने सुनसान नहर किनारे ले गया, जहां पहले से पड़ी ईंट से पीछे से वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को पहले नहर में छिपाया और फिर कब्रिस्तान की झाड़ियों में घसीटकर छुपा दिया। घटना के बाद आरोपी दोबारा बारात में शामिल हो गया और सबूत मिटाने के लिए खून लगे कपड़े व जूते जलाने जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ₹310 नगद, एक एंड्रॉयड मोबाइल, HF Deluxe मोटरसाइकिल, तथा खून लगे कपड़े और जूते बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।





















































Leave a comment