देवरिया में जिला सैनिक बन्धु की बैठक आयोजित, 10 प्रकरणों पर हुई सुनवाई
देवरिया ।उप्र शासन के निर्देशानुसार जिला सैनिक बन्धु की बैठक मंगलवार को कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) प्रेम नारायण सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक का संचालन जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल (डॉ.) सुधाकर त्यागी ने किया।
बैठक में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी के साथ पुलिस अधीक्षक के प्रतिनिधि तथा स्टेशन मुख्यालय गोरखपुर के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) ने भूतपूर्व सैनिकों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं के निस्तारण के लिए जिला प्रशासन द्वारा विधि सम्मत हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। इसके उपरांत उन्होंने पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों की समीक्षा करते हुए उनके अनुपालन की स्थिति की जानकारी ली।
बैठक में कुल 10 पूर्व सैनिक एवं उनके परिजन अपनी समस्याओं के समाधान हेतु उपस्थित हुए। इस दौरान 10 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें भूमि विवाद, बैनामा, गैस सिलेंडर, अवैध कब्जा, रास्ता विवाद तथा पैमाइश जैसे प्रकरण प्रमुख रहे।
अपर जिलाधिकारी ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को पत्रावली प्रेषित कर निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक प्रकरण का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने तथा प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से प्रस्तुत करने को कहा।
जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल (डॉ.) सुधाकर त्यागी ने उपस्थित पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों से कहा कि वे अपने प्रार्थना पत्र के साथ पूर्व सैनिक पहचान पत्र अनिवार्य रूप से संलग्न करें, ताकि उनकी पहचान सुनिश्चित की जा सके। बैठक का आयोजन जिला सैनिक कल्याण कार्यालय के कनिष्ठ सहायक रामनाथ एवं करन मद्धेशिया के सहयोग से संपन्न हुआ।


























































Leave a comment