डीजे विवाद में पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार
आजमगढ़ जिले के थाना रौनापार क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिकन्धोपुर में डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस घटना में पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला किया गया, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सिकन्धोपुर निवासी शिवम यादव पुत्र रामकेश यादव ने थाना रौनापार में लिखित तहरीर देकर बताया कि 11 मार्च 2026 की रात करीब 10 बजे डीजे पर गाना बजाने को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद के बाद जब वह घर जा रहे थे, तभी आरोपियों ने रास्ते में रोककर उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
शोर सुनकर जब उनके पिता रामकेश यादव मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने उन पर भी लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में पिता-पुत्र दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
इस मामले में थाना रौनापार पुलिस ने मुकदमा संख्या 54/26 के तहत धारा 109, 115(2), 352, 351(3) बीएनएस में अभियोग पंजीकृत किया।
पुलिस अधीनस्थ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए 18 मार्च 2026 को उपनिरीक्षक शिवम मिश्रा व उनकी टीम ने मुखबिर की सूचना पर तीनों आरोपियों को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में प्रदीप यादव (22 वर्ष), दीपक यादव (23 वर्ष) तथा आशीष यादव (19 वर्ष) शामिल हैं, जो सभी एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो लाठियां भी बरामद की हैं।
फिलहाल पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।























































Leave a comment