Latest News / ताज़ातरीन खबरें

रुद्रपुर तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस पर डीएम दिव्या मित्तल ने सुनी जन समस्याएं

देवरिया ।जिलाधिकारी दिव्या मित्तल की अध्यक्षता में शनिवार को रुद्रपुर तहसील परिसर में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 55 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 16 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शिकायतों के निस्तारण में पूर्ण पारदर्शिता बरती जाए, ताकि आमजन को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग के 23, पुलिस विभाग के 08, विकास विभाग के 06 तथा अन्य विभागों के 14 मामले शामिल रहे। इसके अतिरिक्त 01 राशन कार्ड, 01 खतौनी दुरुस्तीकरण तथा 02 दिव्यांग प्रमाण पत्र से संबंधित प्रकरण भी प्राप्त हुए।
समाधान दिवस के दौरान कुल 16 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण किया गया। इस क्रम में 01 पात्र लाभार्थी को राशन कार्ड उपलब्ध कराया गया, 01 लाभार्थी की खतौनी का दुरुस्तीकरण कराया गया तथा 02 लाभार्थियों को दिव्यांग प्रमाण पत्र वितरित किए गए। जिलाधिकारी ने शेष प्रकरणों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस दौरान विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ को जिलाधिकारी द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समाधान दिवस में उपजिलाधिकारी रुद्रपुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh