प्रशासन की चुस्त व्यवस्था के बीच भाईचारे के माहौल में अदा हुई ईद की नमाज़, लोगों ने गले मिलकर दी एक-दूसरे को मुबारकबाद
घोसी। मऊ। घोसी नगर के साथ आस पास के क्षेत्रों में ईद-उल-फितर का पर्व हर्षोल्लास और आपसी भाईचारे के बीच संपन्न हुआ । इस मौके पर कस्बे की ईदगाहों और निर्धारित मस्जिदों में सुबह से ही नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ी और सभी ने अकीदत के साथ ईद की नमाज़ अदा की। नमाज़ के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और मुल्क में अमन-चैन व तरक्की की दुआ मांगी।पर्व को शांतिपूर्ण और सकुशल सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय रही। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर एसडीएम अशोक कुमार सिंह, सीओ जितेंद्र सिंह एवं कोतवाल प्रमेंद्र कुमार सिंह ने पुलिस बल के साथ नगर की विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों से संवाद भी स्थापित करने के साथ लोगों को ईद की बधाई दी।ईदगाहों और प्रमुख मस्जिदों के बाहर पुलिस बल तैनात रहा जिससे कहीं भी अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई और पुलिस, पीएसी कर्मी लगातार गश्त करते नजर आए। प्रशासन की सक्रियता के चलते पूरे क्षेत्र में शांति और सौहार्द का वातावरण बना रहा। कस्बा खास स्थित कोर्ट वाली ईदगाह, इस्लामपुरा परती स्थित चतरे वाली ईदगाह, इमामबाड़ा, मादापूर ईदगाह,मानिकपुर असना ईदगाह, अहमदपुर असना ईदगाह, जामडीह ईदगाह, बड़ागांव ईदगाह सहित नगर की विभिन्न मस्जिदों में बड़ी संख्या में नमाजियों ने ईद-उल-फितर की नमाज अदा की। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की खुशी का इजहार किया और रिश्तों को मजबूत बनाने का संदेश दिया। बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।
ईद के इस पावन अवसर पर नगर में भाईचारे और सौहार्द की मिसाल देखने को मिली जहां हर वर्ग के लोगों ने मिलजुल कर त्योहार की खुशियां साझा कीं। प्रशासन और जनता के आपसी सहयोग से त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ।
























































Leave a comment