युवक ने मां बाप बहन दादी को कुल्हाड़ी से काट कर उतारा मौत के घाट कहासुनी के बाद इस वजह से लोमहर्षक घटना को दिया अंजाम
• देर रात 1:30 बजे की वारदात, चीख-पुकार से दहले ग्रामीण, दो अन्य घायल
बहराइच। जिले के रुपईडीहा थाना क्षेत्र के रामनगर गांव में रविवार देर रात करीब 1:30 बजे पारिवारिक विवाद ने भयावह रूप ले लिया। संपत्ति बंटवारे को लेकर शुरू हुई कहासुनी इतनी बढ़ गई कि पुत्र ने कुल्हाड़ी से हमला कर अपने ही माता-पिता, दादी और बहन की हत्या कर दी। घटना के दौरान चीख-पुकार सुनकर पहुंचे बड़े भाई ने विरोध किया तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया। संघर्ष में आरोपी स्वयं भी घायल हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर चौकी प्रभारी बाबागंज शिवेश कुमार शुक्ला और 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरदा भेजा गया। चिकित्सकों ने दादी शीतला देवी (82), पिता बदलूराम (62), मां संजू देवी (60) और बहन पार्वती (35) को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल गुरुदेव (33) और निरंकार (27) को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। निरंकार की हालत नाजुक होने पर उसे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है। भोर में थाना प्रभारी आरएस रावत, क्षेत्राधिकारी पहुप सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दुर्गा प्रसाद त्रिपाठी तथा पुलिस अधीक्षक राम नयन सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। घर के भीतर खून के धब्बे और टूटी-फूटी वस्तुएं बिखरी मिलीं। घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी घर के बाहर से बरामद कर ली गई है। एहतियातन गांव में अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी के जवान तैनात किए गए हैं। ग्रामीणों के अनुसार परिवार में पिछले कुछ समय से संपत्ति बंटवारे को लेकर तनाव बना हुआ था और आए दिन विवाद होता रहता था। फिलहाल पुलिस ने किसी भी प्रकार की अटकलों से बचने की अपील करते हुए कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।
























































Leave a comment