मकर संक्रांति पर फूलपुर में अन्तर-प्रदेशीय क्रांति दौड़ प्रतियोगिता, 37 जिलों के 510 से अधिक धावकों ने लिया भाग,मुजफ्फरनगर के अक्षय कुमार ने प्रथम स्थान, रोहतास (हरियाणा) के प्रिंस राज ने द्वितीय स्थान तथा राजस्थान के हेमराज गुर्जर ने तृतीय
फूलपुर आजमगढ़।मकर संक्रांति के पावन अवसर पर बुधवार को फूलपुर नगर में नवयुवक क्रांति दल के तत्वावधान में अन्तर-प्रदेशीय क्रांति दौड़ प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 37 जिलों से आए लगभग 510 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष रामाशीष बरनवाल, चिकित्साधिकारी डॉ. मोहम्मद अजीम, पूर्व विधायक श्याम बहादुर सिंह यादव, कोतवाली प्रभारी सच्चिदानंद यादव, मोहम्मद आज़म सहित अन्य अतिथियों द्वारा शांति के प्रतीक स्वरूप आसमान में गुब्बारे छोड़कर किया गया।
दौड़ प्रतियोगिता नगर के श्री शंकर जी तिराहा से प्रारंभ होकर रोडवेज, पशु अस्पताल, पुरानी मिर्च मंडी होते हुए पुनः शंकर तिराहे पर समाप्त हुई। प्रारंभिक दौर के बाद आगे रहने वाले 20-20 प्रतिभागियों का चयन कर उन्हें चौथे राउंड में शामिल किया गया।
प्रतियोगिता के अंतिम परिणाम में
मुजफ्फरनगर के अक्षय कुमार ने प्रथम स्थान,
रोहतास (हरियाणा) के प्रिंस राज ने द्वितीय स्थान तथा
राजस्थान के हेमराज गुर्जर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विजेताओं को नवयुवक क्रांति दल की ओर से बाइक, फ्रिज, वाशिंग मशीन और आटा चक्की पुरस्कार स्वरूप प्रदान की गई। वहीं, सांत्वना पुरस्कार के रूप में 90 अन्य धावकों को साइकिल, पंखा, रूम हीटर एवं घड़ियां वितरित की गईं।
दौड़ के दौरान कुछ समय के लिए यातायात आंशिक रूप से बाधित रहा। कोतवाली प्रभारी सच्चिदानंद यादव के नेतृत्व में पुलिस बल द्वारा प्रतिभागियों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। प्रतियोगिता को देखने के लिए सड़कों के दोनों ओर दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
कार्यक्रम का संचालन अनिल कुमार ने किया। नगर पंचायत अध्यक्ष रामाशीष बरनवाल ने कहा कि यह दौड़ प्रतियोगिता हर वर्ष आयोजित की जाएगी, जिससे युवाओं और धावकों का मनोबल बढ़ेगा।
इस अवसर पर प्रधान सुरेंद्र बहादुर यादव, बृजेश, अमित जायसवाल, शीतला प्रसाद, सुनील कुमार, शैलेंद्र प्रजापति, सुरेश सोनकर, अनिल कुमार, अखिलेश सोनकर, राजू प्रजापति, बृजेश यादव, रमेश और आज़म सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।






















































Leave a comment