Latest News / ताज़ातरीन खबरें

ट्रेलर की चपेट में आकर बुलेट सवार युवक की मौत, दो गंभीर घायल

अहरौला  आजमगढ़::अहरौला थाना क्षेत्र के खजूरी चौक पर रविवार रात करीब 8 बजे तेज रफ्तार ट्रेलर ट्रक की चपेट में आने से बुलेट बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक की पहचान दुष्यंत भारती (29 वर्ष) पुत्र ईश्वर देव भारती, निवासी झगड़ापाकड़ थाना अहरौला के रूप में हुई है। हादसे में बुलेट पर पीछे बैठे बदरी राजभर (53 वर्ष) पुत्र रामबली तथा विनोद निषाद (40 वर्ष) पुत्र रामशब्द, निवासी पीठापुर गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तीनों युवक मकान निर्माण के कारीगर थे और आजमगढ़ के जुनैदगंज में ठेकेदारी के तहत कार्य कर रहे थे। रोजाना की तरह रविवार को भी काम समाप्त कर बुलेट बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे मेहियापार रोड से अपने गांव से लगभग एक किलोमीटर पहले खजूरी चौक पहुंचे, तभी अतरौलिया की ओर से तेज गति से आ रहे ट्रेलर वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सहित तीनों युवक करीब 15 मीटर दूर जा गिरे। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर फरार हो गया। मौके पर ही दुष्यंत भारती की मौत हो गई, जबकि दोनों घायल युवकों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौला लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद बदरी राजभर को जिला चिकित्सालय तथा विनोद निषाद को अतरौलिया चिकित्सालय रेफर किया गया। दोनों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
मृतक दुष्यंत पांच भाइयों में सबसे छोटा था, जिनमें से एक भाई की पूर्व में मृत्यु हो चुकी है। वह सेटरिंग का कार्य करता था। उसके एक चार वर्षीय पुत्र है तथा पत्नी रोली गर्भवती है और शीघ्र ही प्रसव होना है। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी देर रात तक पति का इंतजार करती रही और फोन पर भी बातचीत हुई थी, लेकिन घर से महज एक किलोमीटर पहले ही दुष्यंत की जिंदगी थम गई।
घटना की सूचना पर थानाध्यक्ष अहरौला अमित मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक के पिता ईश्वर देव भारती की तहरीर पर पुलिस ने रात में ही पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम हाउस आजमगढ़ भेज दिया। पत्नी की करुण चीत्कार से गांव का माहौल गमगीन हो गया।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh