आजमगढ़: मुख्यमंत्री जन-आरोग्य मेला की व्यवस्थाओं का सीएमओ ने किया निरीक्षण, गोड़हरा पीएचसी को बताया जनपद का सर्वश्रेष्ठ स्वास्थ्य केंद्र
आजमगढ़।मुख्यमंत्री जन-आरोग्य मेला की व्यवस्थाओं का मूल्यांकन करने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने रविवार को आजमगढ़ जनपद के विकास खंड मार्टीनगंज एवं ठेकमा के विभिन्न प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने चिकित्सकीय सेवाओं, स्टाफ की उपस्थिति, दवा वितरण व्यवस्था तथा स्वच्छता की गहन समीक्षा की।
गोड़हरा पीएचसी को मिला सर्वोत्तम का दर्जा
ठेकमा ब्लॉक अंतर्गत गोड़हरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर आयोजित मुख्यमंत्री जन-आरोग्य मेला एवं केंद्र की समस्त व्यवस्थाएं उत्कृष्ट पाई गईं।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने गोड़हरा पीएचसी को आजमगढ़ जनपद का सर्वश्रेष्ठ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बताते हुए इसकी स्वच्छता, सुव्यवस्थित संचालन एवं बेहतर सेवा गुणवत्ता की खुलकर प्रशंसा की। साथ ही अन्य स्वास्थ्य केंद्रों के अधीक्षकों को निर्देश दिया कि वे भी अपने-अपने केंद्रों को इसी मॉडल पर विकसित करें।
बरौना पीएचसी में सुधार के निर्देश
मार्टीनगंज विकास खंड के बरौना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान ओपीडी सेवाएं संचालित पाई गईं। हालांकि सीएमओ ने साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए।
स्टाफ की उपस्थिति की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान अधिकांश स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सक एवं फार्मासिस्ट अपनी ड्यूटी पर उपस्थित पाए गए। वहीं कुछ चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की अनुपस्थिति पर स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
77 स्थानों पर लगा जन-आरोग्य मेला
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने जानकारी दी कि 11 जनवरी 2026 को जनपद के 77 स्थानों पर मुख्यमंत्री जन-आरोग्य मेला आयोजित किया गया, जिसमें कुल 2713 मरीजों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री जन-आरोग्य मेला शासन की एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है, जिसके संचालन में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं अनुशासन सर्वोपरि हैं।






















































Leave a comment