कंपोजिट विद्यालय, इब्राहिमाबाद में एक भव्य शिविर एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
जौनपुर, 26 सितम्बर 2025। मेडिकल कालेज जौनपुर के प्रधानाचार्य प्रो० आर०बी० कमल के दिशा निर्देश में उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, जौनपुर एवं रोटरी क्लब जौनपुर के संयुक्त तत्वावधान में बधिर व्यक्तियों का अंतर्राष्ट्रीय सप्ताह (22 से 28 सितम्बर 2025) के अवसर पर कंपोजिट विद्यालय, इब्राहिमाबाद में एक भव्य शिविर एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक, शिक्षकगण तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में बधिर व्यक्तियों के अधिकारों और उनकी आवश्यकताओं के प्रति जनमानस को जागरूक करना रहा। इस वर्ष का अंतर्राष्ट्रीय नारा था – “NO HUMAN RIGHTS WITHOUT SIGN LANGUAGE RIGHTS” अर्थात् संकेत भाषा के अधिकारों के बिना मानव अधिकार अधूरे हैं।
मंच का संचालन गरिमामय वातावरण में किया गया। सबसे पहले विद्यालय के बच्चों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया और इसके बाद अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर अभिनंदन किया गया।
अपने संबोधन में डा० राजश्री यादव, विभागाध्यक्ष, नाक, कान एवं गला विभाग ने कहा कि किसी भी बच्चे में श्रवण समस्या का पता सबसे पहले उसके निदान (डायग्नोसिस) से चलता है। यदि समस्या की पहचान समय पर हो जाए तो तुरंत उपचार और आवश्यक मशीन उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने बताया कि अधिकतर मामलों में चार वर्ष की आयु तक के बच्चों का उपचार सफल हो जाता है। लेकिन यदि इसके बाद भी श्रवण क्षमता विकसित न हो पाए, तो उन्हें सहायक उपकरण (accessories) दिए जाते हैं और संकेत भाषा सिखाई जाती है, ताकि वे समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें।
डा० बृजेश कन्नौजिया, असिस्टेण्ट प्रोफेसर ने अपने वक्तव्य में कहा कि संकेत भाषा केवल बधिर व्यक्तियों के लिए ही नहीं, बल्कि सामान्य लोगों के लिए भी सीखना आवश्यक है। यदि सामान्य लोग भी संकेत भाषा जानेंगे तो वे बधिर व्यक्तियों से सहजता से संवाद कर पाएंगे। इससे न केवल बधिर व्यक्तियों में आत्मविश्वास बढ़ेगा बल्कि समाज में समावेशिता की भावना भी मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि संकेत भाषा एक सेतु है, जो बधिर और सामान्य समाज के बीच की दूरी को समाप्त कर सकती है।
कार्यक्रम में विद्यालय के बच्चों ने भी संकेत भाषा में कविता और छोटे-छोटे संवाद प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह को प्रभावित किया। इस अवसर पर कई बच्चों की स्वास्थ्य जाँच भी की गई और आवश्यक परामर्श दिया गया।
इस कार्यक्रम की सफलता में रोटरी क्लब जौनपुर का विशेष योगदान रहा। क्लब के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी स्तरों पर सहयोग दिया और यह सुनिश्चित किया कि अधिक से अधिक लोग इसमें शामिल होकर जागरूक हो सकें।
कार्यक्रम में डा० राजश्री यादव, डा० बृजेश कन्नौजिया, रोटरी क्लब के पदाधिकारी के०के० मिश्रा, विवेक सेठी, विद्यालय के प्रधानाचार्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।


















































Leave a comment