राम राज्य में शोक गायब हो गया था - बाबा बजरंगदास - नौ दिवसीय संगीतमय रामकथा का समापन
कादीपुर (सुलतानपुर)। राम राज्य में शोक गायब हो गया था। देश के राजनीतिज्ञों को राम चरित मानस में वर्णित राम राज्य की स्थापना हेतु काम करना चाहिए। यह बातें बाबा बजरंगदास ने कहीं।
वह जूनियर हाईस्कूल मैदान में चल रही नौ दिवसीय संगीतमय रामकथा के अंतिम दिन राम राज्याभिषेक की कथा सुना रहे थे। उन्होंने कहा रावण को हराने के बाद राम अयोध्या लौटे । उनके स्वागत के बाद गुरु वशिष्ठ ने अयोध्यावासियों की खुशी और देवताओं के समर्थन से उनका राज्याभिषेक किया।
राजा राम ने अपनी प्रजा की भलाई और धर्म की स्थापना पर ध्यान केंद्रित किया।
बाल व्यास सम्पूर्णानंद ने कहा कि राज्याभिषेक के पश्चात प्रमुख लोगों की विदाई करने के बाद रघुनाथ ने सभी सखाओं को अपने पास बुला कर बैठाया । धन्यवाद देते हुए कहा कि तुम सभी लोगों ने मेरी बड़ी सेवा की है ।अब सबके मुंह पर मैं क्या बड़ाई करूं ।मेरे हित के लिए तुम लोगों ने अपने घरों तथा सभी प्रकार के सुखों का त्याग कर दिया ।इससे तुम सब मुझे अत्यंत प्रिय हो । उन्होंने कहा कि तुम लोग मुझे मेरे छोटे भाईयों, राज्य, संपत्ति व जानकी से भी अधिक प्रिय हो । इस बात को मैं शब्दों में नहीं कह सकता हूं। इतने दिन साथ रहने के कारण अब यह प्रीति और भी गहरी हो गई है।प्रभु ने बहुत ही संकोच के साथ कहा कि हे मित्रों, अब आप सब अपने अपने घरों को जाएं। लेकिन वहां जाकर भी मुझे याद करते रहना और कभी भुला न देना ।
समापन समारोह को बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित करते हुए सत्यनाथ मठ के पीठाधीश्वर कपाली बाबा ने कहा कि राम कथा जीवन में मंगल लेकर आती है। भगवान राम और कृष्ण को जान लिया तो भारतीय संस्कृति को जान लेंगे। व्यक्तिगत जीवन में रहना है तो राम और सामाजिक जीवन में रहना है तो कृष्ण से सीखना होगा।
संचालन वरिष्ठ साहित्यकार मथुरा प्रसाद सिंह जटायु व आभार ज्ञापन राणा प्रताप स्नातकोत्तर महाविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर ज्ञानेन्द्र विक्रम सिंह रवि ने किया।
आयोजक सुरेन्द्र प्रताप सिंह ने राम दरबार चित्र पर माल्यार्पण व राज्याभिषेक कर कार्यक्रम का समापन किया। इस अवसर पर आयोजक मंडल में वाद्य संगीत कलाकार जीतेन्द्र पाण्डेय, परमानन्द सिंह व आशुतोष सहित आयोजन में सहयोग देने वालों का अंगवस्त्र आदि देकर सम्मानित किया गया।


















































Leave a comment