Accidental News / दुर्घटना की खबरें

हादसे में सिपाही की मौत चौकी प्रभारी, पत्नी व चालक गंभीररूप से घायल।वैगनआर और क्रेटा कार की आमने-सामने से हुई भीषण टक्कर

वाराणसी। वाराणसी स्थित चिरईगांव चौबेपुर थाना क्षेत्र के बभनपुरा रिंगरोड पुल पर बुधवार सुबह 9:30 बजे वैगनआर और क्रेटा कार की आमने-सामने टक्कर में भोपौली चौकी पर तैनात सिपाही वीर बहादुर यादव (32) की मौत हो गई। हादसे में चौकी प्रभारी अमित सिंह, उनकी पत्नी रीता सिंह और चालक सोनू पाण्डेय गंभीर रूप से घायल हो गए। क्रेटा कार में सवार मिथिलेश सिंह, उनकी पत्नी अन्नू सिंह और पुत्र काब्यांश को भी गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस के अनुसार, चंदौली जनपद के भोपौली चौकी प्रभारी अमित सिंह अपनी पत्नी रीता सिंह, सिपाही वीर बहादुर यादव और चंदौली के कैली गांव निवासी चालक सोनू पाण्डेय के साथ वैगनआर (यूपी 70 एचएच 8632) में सवार होकर बभनपुरा रिंगरोड की ओर जा रहे थे। तभी सन्दहा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही क्रेटा कार (यूपी 65 एफएन 5160) से उनकी गाड़ी की जोरदार भिड़ंत हो गई। वैगनआर को सिपाही वीर बहादुर चला रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
हादसे की सूचना मिलते ही चांदपुर, चिरईगांव और जाल्हूपुर पुलिस चौकी की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तुरंत बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने सिपाही वीर बहादुर को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों का इलाज शुरू किया गया। वीर बहादुर यादव लंबे समय से भोपौली चौकी पर तैनात थे और अपनी कार्यशैली के लिए विभाग व क्षेत्र में लोकप्रिय थे। अम्बेडकरनगर जिले के निवासी वीर बहादुर की कुछ महीनों बाद शादी होने वाली थी। उनके असमय निधन से विभाग और परिजनों में शोक की लहर है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि बभनपुरा रिंगरोड पुल पर केवल एक लेन चालू है, जहां दोनों दिशाओं के वाहन तेज रफ्तार से चलते हैं। पुल पर न तो गति अवरोधक हैं और न ही ट्रैफिक पुलिस की तैनाती। ग्रामीणों ने ऐसी व्यवस्था की कमी को हादसों का प्रमुख कारण बताया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की जांच की जा रही है ताकि इसके कारणों का पता लगाया जा सके।

 


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh