ब्रेकफेल रोडवेज के ड्राइवर की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, ट्रक से भिड़ाई बस; सभी यात्री सुरक्षित
घोसी।मऊ। घोसी में एक बड़ा बस हादसा टल गया। बुधवार दोपहर लगभग ढाई बजे दोहरीघाट से मऊ जा रही रोडवेज बस के मधुबन मोड़ के पास अचानक ब्रेक फेल हो गए। चालक की सूझबूझ से उसने बस को आगे चल रहे एक ट्रक से नियंत्रित तरीके से टकराकर रोका जिससे सभी यात्री सुरक्षित बच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मधुबन मोड़ के पास पहुंचते ही चालक को ब्रेक काम न करने का अहसास हुआ। बस अनियंत्रित होने लगी जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। कई यात्री घबराकर सीट पकड़कर बैठ गए। चालक ने तुरंत स्थिति को भांपते हुए आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से से बस को हल्के से भिड़ा दिया।
टक्कर लगते ही बस की रफ्तार थम गई और वह रुक गई जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाल प्रमेन्द्रकुमारसिंह ने पुलिस टीम मौके पर भेज कर यातायात दुरुस्त कराया। पुलिस ने तत्काल बस को सड़क किनारे हटवाकर यातायात व्यवस्था सामान्य कराई। इस घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है और सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
यात्रियों ने बस चालक की सूझबूझ और तत्परता की जमकर सराहना की। उनका कहना था कि यदि चालक ने समय पर सही निर्णय नहीं लिया होता तो बस अनियंत्रित होकर किसी बड़े हादसे का शिकार हो सकती थी। घटना के बाद कुछ देर तक मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल रहा लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से यातायात जल्द ही सामान्य हो गया।























































Leave a comment