ब्लाक घोसी 2025-26 की कार्य योजना बैठक सम्पन्न, कई प्रस्तावो पर चर्चा
घोसी। स्थानीय ब्लाक सभागार में शुक्रवार को ब्लाक प्रमुख डा. रामकृष्ण यादव की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत वर्ष 2025-26 की कार्य योजना को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने भाग लेकर विकास कार्यों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम में खण्ड विकास अधिकारी शैलेंद्र प्रकाश भी मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि ब्लाक प्रमुख डा. रामकृष्ण यादव ने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सभी विभागों को समन्वय बनाकर कार्य करना होगा। उन्होंने ग्राम स्तर पर मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने, सड़कों, पेयजल, स्वच्छता एवं आवास योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय से पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
सीएचसी अधीक्षक डा. एच.के. पंकज ने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर जोर देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं तथा संचारी रोगों की रोकथाम के लिए जनजागरूकता अभियान चलाने की बात कही।
खण्ड शिक्षा अधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्ता सुधार पर बल देते हुए कहा कि विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने और बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए शिक्षकों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने डिजिटल शिक्षा एवं बुनियादी सुविधाओं के विकास पर भी जोर दिया।
खण्ड विकास अधिकारी शैलेंद्र प्रकाश ने कहा कि क्षेत्र पंचायत की कार्य योजना को पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी प्रस्तावों को प्राथमिकता के अनुसार शामिल कर विकास कार्यों को गति दी जाएगी। साथ ही, मनरेगा एवं अन्य योजनाओं के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
जिला पंचायत सदस्य विनय कुमार ने क्षेत्र की समस्याओं को उठाते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय से ही विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सकता है। उन्होंने स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए योजनाओं के क्रियान्वयन पर जोर दिया।
बैठक के दौरान विभिन्न ग्राम पंचायतों से आए प्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं और सुझाव प्रस्तुत किए, जिन पर अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर ब्लाक प्रमुख डा. रामकृष्ण यादव, खण्ड विकास अधिकारी शैलेंद्र प्रकाश, खण्ड शिक्षा अधिकारी धर्मेंद्र कुमार, सीएचसी अधीक्षक डा. एचके पंकज, प्रधानगण प्रवीण कुमार राजभर (डब्लू), रामाश्रय राजभर, बृजेश सोनकर, कृष्णा यादव, विनोद कुमार, विनय कुमार यादव सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





















































Leave a comment