जलालपुर में इतिहास का साक्षात्कार: निषाद समाज की विरासत बनी मूर्तियाँ
जलालपुर, अम्बेडकर नगर: माधवपुर गाँव स्थित बाबा फलाहारी दास राम जानकी मंदिर परिसर रविवार को निषाद समाज के गौरवशाली इतिहास के तीन अमर प्रतीकों से सज गया। एक ऐतिहासिक आयोजन में निषाद राज गुहा, वीर एकलव्य और वीरांगना फूलन देवी की भव्य प्रतिमाओं का अनावरण किया गया, जिससे यह स्थल आस्था और प्रेरणा का केंद्र बन गया।पौराणिक मंत्रोच्चारण और वैदिक रीति-रिवाजों के बीच आयोजित इस भव्य कार्यक्रम की शोभा बढ़ाते हुए मुख्य अतिथि पूर्व सांसद प्रवीण निषाद समेत सभी अतिथियों ने प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। पूर्व सांसद प्रवीण निषाद ने कहा, "निषाद राज गुहा केवल एक नाम नहीं, बल्कि राम भक्ति की अटूट निशानी हैं। एकलव्य ने हमें सिखाया कि गुरुभक्ति और कौशल के आगे जात-पात की कोई बाधा नहीं टिकती। वहीं, वीरांगना फूलन देवी ने दलित-शोषित समाज को संघर्ष का मंत्र दिया। ये तीनों शख्सियत निषाद समाज की आत्मा हैं। इन प्रतिमाओं की स्थापना से हमारी आने वाली पीढ़ी अपनी जड़ों से जुड़ेगी और इनसे प्रेरणा लेगी।"
विशिष्ट अतिथि पूर्व सांसद रितेश पाण्डेय ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरवशाली पल बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन न केवल सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं, बल्कि सांस्कृतिक चेतना के जागरण में भी मील का पत्थर साबित होते हैं।
माखनलाल निषाद की अध्यक्षता में संपन्न इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में समाज के गणमान्य लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूर्व
जिलाध्यक्ष राम प्रकाश यादव,मिथिलेश त्रिपाठी, मेवालाल दास,त्रिभुवन नाथ,आशुतोष उपाध्याय,रामलाल देवर्षि,सरिता निषाद, विकास निषाद ,प्रवीण गौड समेत बड़ी संख्या में निषाद समाज के लोग शामिल हुए।



















































Leave a comment