ईट से कुच कर भाभी की हत्या दूसरी मंजिल से कूदा देवर, फोन स्विच ऑफ कर पति गायब
बागपत। जनपद के खेकड़ा क्षेत्र स्थित सांकरौद गांव में बुधवार शाम सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां देवर ने अपनी 26 वर्षीय भाभी की ईंट से कूचकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने मकान की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल से मेरठ रेफर किया गया है, जहां एक निजी अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सांकरौद गांव निवासी नवीन अपने भाई साहिल के साथ लोनी में ऑटो रिपेयरिंग की दुकान चलाता है। नवीन की शादी दो वर्ष पूर्व लोनी निवासी चंचल से हुई थी। छह माह पहले चंचल ने एक बेटी को जन्म दिया था। मंगलवार को वह मायके से ससुराल लौटी थी। बुधवार सुबह नवीन और साहिल दुकान पर चले गए, लेकिन दोपहर में साहिल घर वापस आ गया। बताया गया कि शाम के समय साहिल ने अपनी मां कमलेश को चाय के लिए दूध लाने दुकान पर भेज दिया। मां के जाते ही उसने अपनी भाभी चंचल के सिर पर ईंट से वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी दूसरी मंजिल से नीचे कूद गया। सिर और पैर में चोट लगने से वह घायल हो गया। मां कमलेश जब घर लौटीं और ऊपर कमरे में पहुंचीं तो चंचल को मृत अवस्था में पाया। घायल साहिल को उसका छोटा भाई शिवम जिला अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां से गंभीर हालत में मेरठ रेफर कर दिया गया। अस्पताल में पूछताछ के दौरान साहिल ने बंदरों के डर से छत से गिरने की बात कही। हालांकि पुलिस हत्या के कारणों की गहन जांच में जुटी है। घटना की सूचना मिलते ही एएसपी प्रवीण कुमार चौहान ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। पुलिस ने मायके पक्ष को भी सूचना दी, जिसके बाद चंचल की मां संगीता और पिता प्रकाश देर रात सांकरौद गांव पहुंचे। बताया जा रहा है कि घटना की जानकारी मिलते ही मृतका का पति नवीन मोबाइल बंद कर लापता हो गया। पुलिस और परिजनों ने उससे संपर्क करने का प्रयास किया, यहां तक कि लोनी स्थित दुकान पर भी खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। देर रात तक वह घर नहीं लौटा। एएसपी प्रवीण कुमार चौहान ने बताया कि देवर द्वारा भाभी की हत्या का मामला सामने आया है। हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए सभी संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।























































Leave a comment