बिलरियागंज में ज्वेलरी दुकान पर महिला का गंभीर आरोप, पुलिस जांच में जुटी
बिलरियागंज /आजमगढ़ । स्थानीय बिलरियागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत कस्बे में स्थित साइना ज्वेलर्स पर एक महिला ने गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि वह भूलवश अपनी बहन का मांग टीका दुकान पर छोड़ आई थी, जिसे दुकानदार ने रख लिया और बाद में देने से इंकार कर दिया। साथ ही दुकानदार पर बिना किसी वैध लाइसेंस के जेवर गिरवी रखकर ब्याज पर पैसे देने का भी आरोप सामने आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुष्पा देवी पत्नी सूर्यभान, निवासी ग्राम पलिया थाना रौनापार, जनपद आजमगढ़ ने बताया कि उसने अपने सोने के जेवरात तथा अपनी बहन का लगभग 5 ग्राम वजन का मांग टीका साइना ज्वेलर्स के प्रोपराइटर शिवम वर्मा के पास गिरवी रखा था। इसके बदले उसे पैसे दिए गए थे। महिला के अनुसार 24 दिसंबर 2025 को उसने ब्याज सहित कुछ रकम चुकाकर अपने कुछ जेवर वापस ले लिए, जबकि बहन का मांग टीका अगले दिन लेने की बात कहकर दुकान से चली गई। 25 दिसंबर को वह दोबारा दुकान पर पहुंची, जहां उसने अपने मंगलसूत्र में नया लॉकेट भी लगवाया और उसका भुगतान किया। इसी दौरान उसने शिवम वर्मा से बहन का मांग टीका भी लिया, लेकिन बातचीत के बीच वह मांग टीका दुकान पर ही भूल गई। जब महिला दूसरी दुकान पर पहुंची तो उसे याद आया कि उसका सामान छूट गया है। उसने तत्काल शिवम वर्मा को फोन किया और फिर दुकान पर पहुंची, लेकिन वहां मांगटीका नहीं मिला। महिला ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच करने की मांग की, जिस पर दुकानदार ने कैमरे के बंद होने की बात कही। काफी प्रयास के बावजूद जब मांग टीका नहीं मिला तो महिला ने बिलरियागंज थाने पहुंचकर लिखित तहरीर दी।
तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं जब इस संबंध में साइना ज्वेलर्स के प्रोपराइटर शिवम वर्मा से बातचीत की गई तो उन्होंने महिला के आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि उनके यहां कोई सामान नहीं छूटा था। इसके अलावा जब उनसे जेवर गिरवी रखकर ब्याज पर पैसा देने से जुड़े किसी रजिस्ट्रेशन या लाइसेंस के बारे में पूछा गया तो उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके पास इस तरह का कोई पंजीकरण नहीं है और वह सामान्य तौर पर ही लेन-देन का काम करते हैं।
अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि पुलिस जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और इस पूरे मामले में आगे क्या कार्रवाई की जाती है। मामला न केवल जेवर गायब होने का है, बल्कि बिना लाइसेंस गिरवी और ब्याज पर लेन-देन किए जाने के आरोप भी जांच के दायरे में हैं।


















































Leave a comment