Education world / शिक्षा जगत

आजमगढ़ विश्वविद्यालय में 7 अक्टूबर को होगा द्वितीय दीक्षांत समारोह, महामहिम राज्यपाल के हाथों होगा पदक वितरण

आज़मगढ़।महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ का द्वितीय दीक्षांत समारोह 7 अक्टूबर 2025 को आयोजित होगा। प्रतिकूल मौसम की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने वैकल्पिक स्थल के रूप में हरिऔध कला भवन का चयन किया है। समारोह में प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान करेंगी।
आजमगढ़ के प्रतिष्ठित कला एवं संस्कृति भवन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने मीडिया से रूबरू होकर दीक्षांत समारोह की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मौसम की प्रतिकूलता को देखते हुए विश्वविद्यालय परिसर के अलावा प्लान बी के तहत हरिऔध कला भवन को भी सुरक्षित रखा गया है। उन्होंने कहा कि सभी तैयारियां अंतिम दौर में हैं और 6 अक्टूबर को फाइनल रिहर्सल होगी।

कुलपति ने बताया कि इस बार कुल 68 स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे, जिनमें 17 छात्र और 51 छात्राएं शामिल होंगी। वहीं उपाधियों की संख्या 40 है, जिसमें 29 छात्रों और 11 छात्राओं को उपाधि मिलेगी। चांसलर मेडल पाने वालों में 14 छात्राएं और तीन छात्र शामिल होंगे। इसके अलावा 37 छात्राओं और 14 छात्रों को वाइस चांसलर मेडल मिलेगा। खास बात यह है कि 12 मेधावियों को डबल मेडल से सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि महामहिम राज्यपाल आनंदीबेन पटेल समारोह की अध्यक्षता करेंगी और स्वर्ण पदक प्रदान करेंगी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि परमार्थ निकेतन आश्रम, ऋषिकेश के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती होंगे। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय और उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

कुलपति ने  बताया कि विद्यार्थियों और कर्मचारियों के लिए ड्रेस कोड तय किया गया है। छात्रों को हल्के रंग की शर्ट और गाढ़े रंग की पैंट पहननी होगी जबकि छात्राओं के लिए सफेद सलवार, सफेद दुपट्टा और हल्के रंग का कुर्ता या साड़ी निर्धारित है। काले कपड़ों पर पूरी तरह से रोक रहेगी। पदक पाने वाले विद्यार्थियों के लिए विशेष आईकार्ड भी जारी किए जाएंगे।

कार्यक्रम का आगाज राज्यपाल के आगमन के साथ विश्वविद्यालय परिसर स्थित हेलीपैड से होगा। शोभायात्रा के बाद मंचासीन अतिथियों का स्वागत किया जाएगा। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की छात्राएं स्वागत गीत, कुलगीत और पर्यावरण गीत प्रस्तुत करेंगी। इसके बाद कुलपति प्रो. संजीव कुमार अतिथियों का स्वागत कर विश्वविद्यालय की उपलब्धियों का संक्षिप्त विवरण देंगे।

समारोह में राजभवन से प्राप्त पुस्तकें प्राथमिक विद्यालयों को भेंट की जाएंगी और विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए गांवों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़े बच्चों को पुरस्कार भी वितरित किए जाएंगे। राज्यपाल डिजिटल लॉकर पर क्लिक कर डिग्रियों और अंकपत्रों को अपलोड करेंगी।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh