Crime News / आपराधिक ख़बरे

ऑटो में सफर करने वाली महिलाओं को बनाते थे निशाना, 2 महिला चोर गिरफ्तार

#फूलपुर/आजमगढ़। ऑटो में सफर करने वाली महिलाओं के गहने और नगदी चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का फूलपुर पुलिस ने खुलासा करते हुए 2 महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 1 बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण और नगदी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार यह गिरोह फूलपुर, गंभीरपुर और कोतवाली थाना क्षेत्रों में ऑटो से यात्रा करने वाली महिलाओं को निशाना बनाता था।

बताया गया कि 10 मई 2026 को फूलपुर थाना क्षेत्र की एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी बहन अम्बारी से ऑटो द्वारा पलिया गांव जा रही थी। रास्ते में ऑटो में पहले से बैठी तीन महिलाओं ने उसका पर्स चोरी कर लिया, जिसमें नगदी और जेवर रखे थे। इस मामले में फूलपुर थाने में मु0अ0सं0 165/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

इसी तरह गंभीरपुर थाने में मु0अ0सं0 109/2026 तथा कोतवाली थाने में मु0अ0सं0 198/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत महिलाओं के बैग और गले से गहने चोरी होने के मामले दर्ज थे। विवेचना के दौरान चरन देवी पत्नी अनीश निवासी रोहतास, बिहार, सोनम पत्नी रुदल निवासी बक्सर, बिहार तथा एक बाल अपचारी का नाम सामने आया। इसके बाद मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के अपराध नियंत्रण अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी फूलपुर के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक फूलपुर व उपनिरीक्षक राजेन्द्र कुमार की टीम ने 10 मई की शाम करीब 6:13 बजे मकसुदिया शिव मंदिर, ग्राम मकसुदिया के पास से दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। वहीं एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने ऑटो में बैठकर महिलाओं के गहने और नगदी चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके पास से पीली और सफेद धातु के लाकेट, बिछिया, पायल, झुमका, नाक कील समेत कुल 2900 रुपये नगद बरामद किए हैं।

पुलिस ने गिरफ्तार दोनों महिलाओं को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है, जबकि बाल अपचारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh