Latest News / ताज़ातरीन खबरें

एकतरफा प्यार में मौसेरे भाई ने युवती को कुल्हाड़ी से काटा गला, देर रात घर में घुसकर की वारदात, आरोपी फरार

बांदा। बांदा जिले के अतर्रा कस्बे के लौली टीकमऊ गांव में एकतरफा प्यार में सनसनीखेज हत्याकांड ने इलाके को झकझोर दिया। गुरुवार रात मौसेरे भाई शिवशंकर ने 23 वर्षीय प्रियंका की कुल्हाड़ी से गला काटकर निर्मम हत्या कर दी। वारदात का खुलासा शुक्रवार सुबह हुआ, जब प्रियंका की बहनों ने उसे घर के पीछे वाले कमरे में लहूलुहान हालत में पाया। आरोपी शिवशंकर घटना के बाद से फरार है, और पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की हैं।
बिसंडा थाना क्षेत्र के लौली टीकमऊ गांव निवासी प्रियंका, अपने पिता स्व. रामप्रताप की दूसरी बेटी थी। गुरुवार रात वह अपनी बड़ी बहन गुड़िया और छोटी बहन समुद्री के साथ घर के बाहर वाले कमरे में सो रही थी। रात में पुनाहुर गांव का शिवशंकर, जो प्रियंका से एकतरफा प्यार करता था, उनके घर पहुंचा। उसने प्रियंका को जगाकर पीछे के कमरे में ले गया, जहां दोनों के बीच विवाद हुआ। गुस्से में शिवशंकर ने कुल्हाड़ी से प्रियंका के गले पर तीन वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ी। प्रियंका को मृत समझकर आरोपी फरार हो गया।
शुक्रवार सुबह प्रियंका की बहनों ने उसे चारपाई पर न पाकर खोजबीन शुरू की। पीछे के कमरे में प्रियंका का रक्तरंजित शव देखकर उन्होंने शोर मचाया। पड़ोसियों की मदद से प्रियंका को बिसंडा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। मौके से खून से सनी कुल्हाड़ी बरामद हुई। एसपी ने प्रियंका की मां सेमिया, दोनों बहनों और पड़ोसियों से पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग को हत्या का कारण बताया गया। एसपी ने कहा, "आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।"
बताया गया कि प्रियंका के पिता की ढाई माह पहले बीमारी से मृत्यु हो चुकी थी। घटना के समय प्रियंका की मां सेमिया, बबेरू कोतवाली क्षेत्र के देवरथा गांव में रिश्तेदार की शादी में गई थीं। प्रियंका तीन बहनों में मंझली थी, और उसका एक भाई सुधीर भी है।
बिसंडा थाना प्रभारी कौशल सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने हत्यारोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की हैं, और जल्द ही उसे पकड़ने का दावा किया है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh