देर रात घर में घुसने की कोशिश ग्रामीणों ने संदिग्ध युवक को दबोचा कप्तानगंज क्षेत्र के मोलनापुर नत्थनपट्टी गांव में घटना, पूछताछ में युवक ने बताए अलग-अलग पते; पुलिस जांच में जुटी
आजमगढ़। जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के मोलनापुर नत्थनपट्टी गांव में बुधवार की रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक संदिग्ध युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि युवक रात करीब 1 बजे एक घर में घुसने की कोशिश कर रहा था। घर के लोगों को आहट मिलने पर उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया। ग्रामीणों का आरोप है कि युवक चोरी की नीयत से गांव में घुसा था, लेकिन वह अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सका। पकड़े जाने के बाद जब ग्रामीणों ने युवक से उसका नाम और पता पूछा, तो वह अलग-अलग गांवों के नाम बताने लगा, जिससे लोगों का शक और गहरा गया। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि युवक पकड़ में आने के बाद मंदबुद्धि होने का नाटक करने लगा। घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पर दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और युवक की पहचान व उसके इरादों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।





















































Leave a comment