आजमगढ़ : समलैंगिक विवाह पर अड़ी दो युवतियों को लेकर फूलपुर में विवाद, शांति भंग में आठ का चालान!
आजमगढ़। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र में दो अलग अलग गाँव निवासी दो युवतियों के आपसी संबंध को लेकर उत्पन्न विवाद इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। बताया जा रहा है कि SC वर्ग की दोनों युवतियां पिछले कुछ वर्षों से एक-दूसरे के संपर्क में थीं, जो समय के साथ गहरी मित्रता में बदला और बाद में दोनों ने साथ रहने का निर्णय लिया। परिजनों को जब इस संबंध की जानकारी हुई तो दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। बढ़ते विवाद की सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवतियों तथा उनके परिजनों को फूलपुर कोतवाली लाया गया। कोतवाली में पुलिस और परिजनों द्वारा काफी देर तक समझाने-बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों युवतियां अपने निर्णय पर अडिग रहीं और एक-दूसरे के साथ ही रहने की बात कहती रहीं।
कोतवाली परिसर में दोनों पक्षों के लोगों की भीड़ एकत्र हो जाने से माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कोतवाली प्रभारी स्वयं मौके पर मौजूद रहे और लगातार शांति बनाए रखने का प्रयास किया गया। काफी प्रयासों के बावजूद विवाद का तत्काल समाधान नहीं निकल सका।
शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों से कुल आठ लोगों के विरुद्ध शांति भंग की धाराओं में चालान की कार्रवाई की। बाद में उपजिला मजिस्ट्रेट फूलपुर के समक्ष दोनों पक्षों को प्रस्तुत किया गया, जहां जमानतदार उपलब्ध न होने के कारण जमानती प्रक्रिया पूर्ण न हो सकी। इसके चलते न्यायिक आदेश पर संबंधित सभी व्यक्तियों को आगे की कार्रवाई हेतु जिला न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। वहीं क्षेत्र में यह घटना सामाजिक चर्चा का विषय बनी हुई है।


















































Leave a comment