आजमगढ़: खेत में गन्ने की पत्ती जलाने और जातिसूचक गाली-गलौज के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
आजमगढ़। थाना दीदारगंज क्षेत्र में खेत में रखी गन्ने की पत्ती जलाने, मारपीट करने और जातिसूचक गाली-गलौज करने के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दीदारगंज पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार ग्राम बीबीगंज निवासी मता प्रसाद ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 4 मार्च 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे उनके खेत में रखी गन्ने की पत्ती और अन्य सामग्री को कुछ लोगों ने आग लगाकर नष्ट कर दिया। जब उन्होंने इस बारे में पूछताछ की तो आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की और वादी तथा उनके पुत्र विमलेश के साथ लाठी-डंडों और थप्पड़-मुक्कों से मारपीट की। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी।
इस मामले में थाना दीदारगंज में मुकदमा संख्या 37/2026 के तहत संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया था, जिसके बाद आरोपी फरार चल रहे थे।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मामले में वांछित आरोपी राजापुर बाजार टैक्सी स्टैंड पर किसी वाहन से भागने की फिराक में खड़े हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सत्यम राजभर (21 वर्ष) और उत्तम राजभर (19 वर्ष) निवासी ग्राम बीबीगंज, थाना दीदारगंज, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक करमुल्ला अली, उपनिरीक्षक रमेशचन्द्र यादव और हेड कांस्टेबल अमरनाथ यादव की टीम शामिल रही।























































Leave a comment